- कमेटी ने आश्वस्त किया कि तथ्यों की जांच कर सरकार को रिपोर्ट भेजेंगे
- खनन परियोजना के लिए संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी की जनसुनवाई
सिरोही. पिण्डवाड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित खनन परियोजना को लेकर राज्य सरकार से गठित कमेटी ने मंगलवार को जन सुनवाई की। साथ ही खनन प्रभावित क्षेत्र का भी जायजा लिया। सुनवाई में सामने आए तथ्यों एवं परिवेदनाओं के आधार पर समयबद्ध तरीके से जांच कर रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी जाएगी। संभागीय आयुक्त केएल स्वामी की अध्यक्षता में गठित कमेटी में जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर भी सदस्य है। उन्होंने खनिज अभियंता चंदनकुमार समेत अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों का मौका-निरीक्षण किया। इसके बाद भारजा गांव में जनसुनवाई की गई।
ग्रामीणों ने रैली निकाल विरोध-प्रदर्शन किया
उधर, ग्रामीणों ने गांव में रैली निकालते हुए विरोध-प्रदर्शन किया तथा खनन परियोजना को बंद करने की मांग रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने स्लोगन लिखी पट्टियां लेकर चलते नजर आए। जन सुनवाई में भी कई लोगों ने विरोध जताया एवं खनन परियोजना से नुकसान की बात कही। उल्लेखनीय है कि चार पंचायतों के अधीन कई गांवों के लोग इस परियोजना को बंद किए जाने को लेकर लम्बे समय से संघर्ष कर रहे हैं।
लम्बे समय से चल रहा है विरोध-प्रदर्शन
प्रस्तावित मै.कमलेश मेटाकास्ट खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों में विरोध के स्वर मुखर हैं। ऐसे में सीमेंट प्लांट से संबंधित खनन गतिविधियों एवं पर्यावरण प्रदूषण के तथ्यों की समुचित जांच कराए जाने के लिए राज्य सरकार ने 8 फरवरी को कमेटी गठित की थी। आदेश के तहत कमेटी ने प्रस्तावित खनन परियोजना क्षेत्र का मौका निरीक्षण कर भारजा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में क्षेत्रवासियों की परिवेदनाएं सुनी।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने दी परिवेदनाएं
जन सुनवाई के दौरान संभागीय आयुक्त ने कहा कि परियोजना को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण जांच कमेटी गठित की गई है। जनसुनवाई में सामने आए तथ्यों की समयबद्ध तरीके से पूर्ण जांच कर रिपोर्ट राज्य सरकार को प्रस्तुत की जाएगी। प्रारंभ में एसडीएम नरेंद्र जांगीड़ ने अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। इस दौरान भीमाणा, भारजा, वाटेरा, रोहिड़ा एवं आसपास के गांवों से आए लोगों ने अपनी परिवेदनाएं मौखिक रूप से व्यक्त की गई। साथ ही कमेटी के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किए गए।



