सिरोहीcrime newsrajasthansirohiराजस्थान

पत्नी की हत्या कर जंगल में फेंक गया शव, आरोपी पति गिरफ्तार

  • हत्या के बाद आत्महत्या का प्रयास, पुलिस ने कराया उपचार

सिरोही. रेवदर थाना क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने उपचार करवाने के बाद उसे दबोच लिया। हत्या का कारण चरित्र पर संदेह होना बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गत 9 मई को अनापुर के समीप ओरण में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। शिनाख्तगी के प्रयास करने पर मृतका की पहचान तांतोल (रामसीन-जालोर) निवासी आशाबेन उर्फ हंसा उर्फ अणसी पत्नी दिनेशकुमार पुत्री छगनलाल सरगरा के रूप में की गई। उसके पुत्र ने पिता पर ही संदेह जताते हुए हत्या का मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने तलाश करते हुए आरोपी पति दिनेशकुमार को गिरफ्तार कर लिया।

दर्शन के बहाने लाकर हत्या कर दी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति दिनेशकुमार अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी कारण उसने हत्या के लिए योजना बनाई तथा गुजरात में नडिय़ाद से कार में पत्नी को लेकर गांव आया। मंदिर के दर्शन करने के बहाने लेकर आया तथा गांव से वापस गुजरात जाने का कहकर उसे अनापुर के पास ओरण में ले गया। यहां लोहे के पाइप से उसके साथ मारपीट कर हत्या कर दी।

कार में मिले खून की फॉरेंसिक जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी दिनेशकुमार ने हत्या के बाद कीटनाशी का सेवन कर लिया था। इलाज के बाद स्वस्थ होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है। साथ ही आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल बरामद किया गया। कार में मिले खून की फॉरेंसिक जांच करवाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button