नकली गोल्ड जमा कर बैंकों से उठाया डेढ़ करोड़ का लोन

- वैल्यूअरों की मिलीभगत से बैंकों के साथ फर्जीवाड़ा
सिरोही. बैंकों में गोल्ड लोन के नाम पर नकली सोना गिरवी रख लाखों रुपए के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। वैल्यूअरों की मिलीभगत से नकली गोल्ड जमा कर करीब डेढ़ करोड़ रुपए का लोन लिया गया है। शहर में संचालित दो अलग-अलग बैंकों के मैनेजर की रिपोर्ट पर पुलिस ने चार जनों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आईडीबीआई बैंक व पंजाब नेशनल बैंक में नियुक्त वैल्यूअर की मिलीभगत से फर्जीवाड़ा करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आईडीबीआई बैंक में नियुक्त वैल्यूअर शेख अम्बर अली, लोनधारक नूर मोहम्मद पुरकैत, सोमनाथ सी, रविन्द्रसिंह आदि ने सांठ-गांठ कर नकली आभूषणों को शुद्ध स्वर्ण आभूषण बताकर झूठी रिपोर्ट तैयार की तथा बैंक से करीब 75,34,000 रुपए लोन ले लिया। लोन की किस्तें जमा नहीं करवा कर बैंक के साथ धोखाधड़ी की। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक में नियुक्त वैल्यूअर मोतीलाल सोनी, लोनधारक नूर मोहम्मद पुरकैत, सोमनाथ सी, शेख अम्बर अली आदि ने सांठ-गांठ कर नकली आभूषणों को शुद्ध स्वर्ण आभूषण होना बताकर झूठी रिपोर्ट बनाई तथा बैंक में जमा कर करीब 68,69,743 रुपए लोन उठाया। बैंकों की ओर से वर्ष-2024 में मामले दर्ज करवाए गए थे, जिस पर जांच करते हुए पुलिस ने अब गिरफ्तारी की है।
बंगाली वैल्यूअर व लोनधारक गिरफ्तार
पुलिस ने जांच करते हुए इस मामले में एक वैल्यूअर व लोन धारकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्यों की तलाश की जा रही है। मामले में वैल्यूअर बडगेसिया (मायदापुर-हावडा-पश्चिम बंगाल) हाल गांधीलेन सिरोही निवासी शेख अम्बर अली पुत्र गुलाम मुर्तजा शेख, जेजुर हरतला (होरीपाल-हुगली-पश्चिम बंगाल) हाल गांधी लेन निवासी सोमनाथ सी पुत्र अंचिता सी बांगदी, खररी (दातपुर-हुगली-पश्चिम बंगाल) हाल झुपाघाट सिरोही निवासी नूर महम्मद पुरकेईत पुत्र जहरली पुरकैईत व हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सिरोही निवासी रविन्द्रसिंह पुत्र विक्रमसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।



