अनशन तुड़वाने के लिए दबाव में कार्य कर रही पुलिस

- मामले का खुलासा करने के बजाय अनशनकारियों को कर रहे परेशान
- गणपतसिंह मांडोली हत्याकांड मामले में न्याय मांग रहे परिवार का आरोप
जालोर. जिला मुख्यालय पर न्याय की गुहार लगाते हुए अनशन पर बैठे परिवार पर पुलिस दबाव डाल रही है। परिवार ने इस सम्बंध में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। आरोप है कि पुलिस किसी दबाव में कार्य कर रही है एवं अनशनकारियों को परेशान किया जा रहा है। तबीयत खराब होने का बहाना करते हुए अनशन कर रहे लोगों को रात के समय धरने से उठाकर जबरन अस्पताल ले जाना चाहती है। मामला गणपतसिंह मांडोली हत्याकांड से जुड़ा हुआ है।
धरने से उठाने के लिए दबाव का तरीका
जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन में मृतक की पत्नी भारती कंवर ने बताया कि अनशन पर बैठे परिवार का यह आठवां दिन है। मृतक की पत्नी व अस्सी वर्षीय मां न्याय की गुहार लगाते हुए अनशन कर रहे हैं। पुलिस की ओर से न तो कोई आश्वासन दिया जा रहा है और न ही वह इस हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने के प्रति गंभीरता दिखाई जा रही है। शांतिपूर्ण तरीके से अनशन पर बैठे परिवार के लोगों को पुलिस परेशान कर रही है सो अलग। पुलिस किसी दबाव में काम कर रही है तथा धरने से उठाना चाह रही है।
राजपूत समाज के लोगों में भी नाराजगी
बताया गया कि मृतक की मां की तबियत खराब होने का बहाना बनाकर रात्रि में अस्पताल में भर्ती कराने के लिए एम्बुलेंस लेकर आ गए थे, जबकि सुबह ही उनकी जांच के लिए निवेदन किया गया था। इसके बाद भी बार-बार दबाव बनाया गया और पुलिस किसी भी तरह इस अनशन से उनको उठाना चाहती है। धरना स्थल पर बैठे राजपूत समाज के लोगों ने भी पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर की। कहना रहा कि पुलिस इस अनशन को समाप्त करने के लिए जितनी तत्परता दिखा रही है उतनी तत्परता इस हत्याकांड को खुलवाने में दिखाती तो यह मामला कब का खुल जाता।
समाज ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
उधर, राजपूत समाज के लोगों ने चेताया कि इस हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा नहीं किया गया तो समाज की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। गत 18 माह गुजरने के बाद भी पुलिस के हाथ अब भी खाली ही है। आरोप लगाया कि पुलिस किसी के दबाव में कार्य कर रही है। इस वृद्ध मां ने अपना बेटा खोया है और अब उसको न्याय के लिए अनशन करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।



