सिरोहीrajasthansirohiराजस्थान

लीज मिलने से पहले ही बजरी के मालिक बन गए ठेकेदार

  • खनिज विभाग नहीं रोक पा रहा तो कार्रवाई दबंगों के जिम्मे
  • आखिर किसकी शह पर ग्रामीणों से कर रहे सरे राह मारपीट

सिरोही. जिले में बजरी का अवैध रूप से खनन व परिवहन जोरों पर है, लेकिन खनिज विभाग को इससे कोई सरोकार नहीं है। इन मामलों को पकडऩे का पूरा जिम्मा इन दिनों उन ठेकेदारों के जिम्मे है, जिनको आगामी दिनों में लीज मिलने वाली है। चौंकना लाजिमी पर हकीकत यही है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार के लोग सरे राह किसी को भी रोककर गाली-गलौज एवं मारपीट तक कर रहे हैं। अवैध खनन व परिवहन रोकने का जो काम खनिज विभाग या पुलिस को करना चाहिए वह कार्य ठेकेदार के लोग कर रहे हैं। चाहे जो हो, लेकिन यह तय है कि लीज मिलने से पहले ही ठेकेदार रेवदर में बजरी के मालिक बन चुके है। अब इसमें किसकी मिलीभगत है या किसकी शह है यह कह नहीं सकते। इस मामले में खनिज अभियंता चंदनकुमार से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

मानों खनिज विभाग ने छूट दे दी
खनिज विभाग की ओर से इस तरह के मामले पकडऩे में कोई दिलचस्पी नहीं ली जा रही। विभागीय अधिकारी न तो समुचित गश्त कर रहे हैं और न धरपकड़ हो रही। माना जा रहा है कि बजरी के अवैध मामलों को खनिज विभाग ने एक तरह से छूट दे रखी है। यही कारण है कि अवैध खनन रोकने के लिए ठेकेदार के लोग दबंगई दिखा रहे हैं।

ग्रामीणों को डरा-धमका रहे ठेकेदार के लोग
बताया जा रहा है कि रेवदर क्षेत्र में एक ठेकेदार को लीज मिलने वाली है। लगभग सारी प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन कंसेंट टू ऑपरेट अभी नहीं मिली है। यह हो जाने के बाद ठेका शुरू हो जाएगा। आगामी दिनों में लीज मिलने की संभावना को देखते हुए ठेकेदार ने अपने लोग क्षेत्र में तैनात कर भी दिए हैं। लिहाजा वे लोग अभी से बजरी ले जा रहे लोगों को डरा-धमका रहे हैं। इस तरह का एक मामला सामने आ चुका है। पीडि़त ने पुलिस में भी मामला दर्ज कराया है।

इसलिए लोगों में बढ़ रहा दबंगों का खौफ
वैसे इस तरह के मामलों में पुलिस भी चुप्पी साधे बैठी है। ठेकेदार के लोग रास्तों में ही वाहन रूकवाने एवं सरे राह धमकियां देने का काम कर रहे हैं। यहां तक कि ट्रैक्टर चालकों से गाली-गलौज व मारपीट तक की जा रही है, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही। बजरी का अवैध परिवहन रोकने का जो काम पुलिस को करना चाहिए था वह ठेकेदार के लोग कर रहे हैं। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद भी यदि कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है तो लोगों में दबंगों का खौफ बढऩा तय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button