
– कचरा उठाने एवं सफाई व्यवस्था में बरत रहे बेपरवाही
– निकायों की समीक्षा बैठक में कलक्टर दे चुके हैं सख्त निर्देश
सिरोही. नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में एक दिन पहले ही जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर सफाई को लेकर ठोस प्रबंध किए जाने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन निकायों के जिम्मेदार इन आदेशों को अनसुना कर रहे हैं। जी हां, जिला कलक्टर ने सोमवार को ही कलक्ट्री सभागार में जिले के सभी नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक ली थी। इसमें निकायों में सफाई व्यवस्था एवं कचरा परिवहन कार्य, नालियों की साफ-सफाई एवं रख-रखाव को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। यहां तक कि समय पर कचरा नहीं उठाने वाले सफाई संवेदकों पर जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए गए, लेकिन इन आदेशों के एक दिन बाद ही स्थिति जस की तस है।
बैठक में दिए थे ये निर्देश
जिला कलक्टर ने सफाई संवेदक स्काय लाइट्स एंड कम्पनी पर मुख्य मार्गों पर कचरा प्वाइंट से कचरा नहीं उठाने पर पंद्रह हजार रुपए का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। वहीं, शहर में विभिन्न स्थानों से कचरा प्वाइंट हटाने की बात कही। जिला कलक्टर ने नालों की सफाई करवाने और अतिक्रमण हटाने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इन मुद्दों पर भी किया निर्देशित
बैठक में पट्टा वितरण एवं नियमन, बगीचों, शहर में सडक़ों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट की स्थिति, पानी और स्वच्छता की स्थिति, बावडिय़ां व अन्य जलाशयों की स्थिति, मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना, पौधरोपण, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अन्नपूर्णा रसोई योजना सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया।
कचरा फैलाने वालों पर लगाएं पेनल्टी
बैठक में जिला कलक्टर ने नगरीय क्षेत्र में कचरा फैलाने वालों पर आवश्यक पेनल्टी लगाने की बात भी कही। वहीं, स्वायत शासन से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र तक पहुंचाने एवं लंबित कार्यों की क्रियान्विति शीघ्रता से पूर्ण करने, जनता की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण एवं वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान और पौधारोपण संबंधित कार्यों के लिए तैयारी करने के भी निर्देश दिए।




