
- नल कनेक्शन दिए बगैर ही जारी कर दिया पूर्णता प्रमाण पत्र
- जल जीवन मिशन योजना के तहत धाण में घपले का आरोप
सिरोही. बगैर नल कनेक्शन ही घर तक नियमित रूप से शुद्ध जल मिल सकता है। रेवदर तहसील की धाण पंचायत ने इसे संभव कर दिखाया है। चौंकना लाजिमी पर हकीकत यही है। गांव के सत्तर फीसदी घरों में नल कनेक्शन नहीं हो पाए है, लेकिन पंचायत की ओर से बताया जा रहा है कि हर घर को जल मिल रहा है और इसकी एनओसी भी जारी हो चुकी है। अब यह कहना मुश्किल है कि जब गांव के करीब सत्तर फीसदी घर नल से वंचित है तो हर घर जल कैसे मुहैया हो रहा है। यह भी जांच का विषय है कि बगैर नल कनेक्शन हर घर को जल मिलने की एनओसी किस तरह जारी हो गई। धाण गांव के लोगों ने मंगलवार को इस सम्बंध में जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया। इसमें पंचायत पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने एवं वंचित रहे घरों को नल कनेक्शन से जोडऩे की मांग रखी।
पंचायत पर मिलीभगत का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि हर घर जल योजना के तहत नल कनेक्शन जारी किए जाने थे, लेकिन आधे से ज्यादा घर आज भी नल कनेक्शन से वंचित है। ऐसे में घरों तक पानी पहुुंचा ही नहीं। ऐसे में पंचायत की ओर से एनओसी जारी करने से मिलीभगत का मामला सामने आ गया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
कनेक्शन से वंचित है सत्तर फीसदी घर
ग्रामीणों ने बताया कि घरों तक नल कनेक्शन नहीं पहुंचने से लोग भारी परेशानी उठा रहे हैं। गांव के लगभग सत्तर फीसदी घर नल कनेक्शन से वंचित है। उधर, गांव को हर घर जल घोषित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके तहत पंचायत की ओर से कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। इसमें दर्शाया है कि सभी घरों को नल कनेक्शन प्रदान किए हैं तथा हर नल से पर्याप्त मात्रा में व नियमित रूप से शुद्ध जल मिल रहा है।



