
- हथियार व मादक पदार्थ से भरी कार ऐसे ही थाने में रख दी
- पुलिस की तेज निगाह व सतर्कता पर खड़े हो रहे सवाल
सिरोही. पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, बगैर जांच किए ही उसकी कार को जब्त कर थाना परिसर में रख दिया। अब कार से रिवॉल्वर व कारतूस बरामद किए गए हैं। कार में हथियार व मादक पदार्थ छुपाए होने की जानकारी उससे हुई पूछताछ के बाद सामने आई है। ऐसे में कार की तलाशी लेने पर हथियार के साथ ही कार में छुपा कर रखे मादक पदार्थ भी मिले। पुलिस अब वाहवाही लूटने के लिहाज से जरूर अपनी उपलब्धि दर्शा रही है, लेकिन कार को बगैर जांच ही थाना परिसर में रखवा देना पुलिस की तेज निगाह व सतर्कता पर सवाल उठाता है।
जब्त किया तो तलाशी क्यों नहीं ली
हुआ यूं कि तस्कर को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार कर लाया गया। उसके पास से एक बिना नम्बरी कार जब्त की गई। इसे थाना परिसर में रखवा दिया गया। इसके बाद जांच अधिकारी ने तस्कर से पूछताछ शुरू की। तब सामने आया कि कार में हथियार व मादक पदार्थ छिपाए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो ऐसा ही हुआ। अब सवाल यह उठता है कि कार को जब्त किया तब उसकी तलाशी क्यों नहीं ली गई।
पूछताछ हुई तो बताया कार में हथियार है
पुलिस के अनुसार पिण्डवाड़ा थाना क्षेत्र में गत 26 मई को शेख मोहम्मद के कब्जे से 400 ग्राम एमडी बरामद की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि वह यह माल मेमन जीशान उर्फ आफताब के पास से लेकर आया है। इस पर पुलिस ने मेमन जीशान को 31 मई को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त वाहन बिना नम्बरी को जब्त किया गया था। वहीं, जांच अधिकारी कमलसिंह उससे पूछताछ की तो मामला खुला। सामने आया कि कार के विंड सिल्ड काउल के नीचे मादक पदार्थ व हथियार छुपाए रखे हैं। इस पर तत्काल ही पिण्डवाड़ा थानाधिकारी महेंद्रकुमार को इसकी सूचना दी गई। तब कार की तलाशी ली गई। थाना परिसर में जब्त कर रखी गई इस कार से एमडी 74 ग्राम, चरस 20 ग्राम व कार से रिवॉल्वर व 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 9.40 लाख रुपए आंकी गई है।
जान पर भारी पड़ सकती थी यह ढिलाई
आरोपी गुजरात में अहमदाबाद की साहआलम सोसायटी दानी लिमडा निवासी मेमन जीशान उर्फ आफताब पुत्र मदीजभाई अहमदाबाद में वांछित भी है। पूर्व में एक किलोग्राम एमडी तस्करी के प्रकरण में भी पेरौल से फरार होकर अहमदाबाद में वांछित है। वहीं, सिरोही पुलिस का 25 हजार का इनामी भी है। सिरोही पुलिस अधीक्षक ने इस पर यह इनाम रखा था। वैसे पुलिस की यह ढिलाई भारी पड़ सकती थी। 25 हजार रुपए का इनामी आरोपी होने के बावजूद उसकी कार की गहनता से तलाशी ही नहीं ली। आरोपी हथियारबंद होने से कार्रवाई के दौरान किसी की जान पर जोखिम भी हो सकती थी।



