राजस्थानpoliticsrajasthansirohiराजनीतिसिरोही

हम राम के नाम पर राजनीति नहीं कर रहे सेवा कार्यों से सत्ता में आए

  • भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा भगवान राम हम सबके आराध्य है
  • विपक्ष पर लगाए तुष्टीकरण की नीति व परिवारवाद के आरोप

सिरोही. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि हम राम के नाम पर राजनीति नहीं कर रहे हैं बल्कि राम हमारे आराध्य है। भाजपा ने हमेशा ही सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी है और इसी से हम सत्ता में आए है।
उन्होंने विपक्षी दलों पर तुष्टीकरण की नीति व परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस समेत बंगाल, उत्तरप्रदेश व तमिलनाडु के राजनीतिक परिवारों को आरोपों में घेरे में रखा। कहा कि एक ही परिवार के लोग सत्ता का सुख भोग रहे हैं यह परिवारवाद है। भाजपा में ऐसा नहीं है यहां साधारण कार्यकर्ता भी संगठन में शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है
उन्होंने महिला आरक्षण की पैरवी करते हुए कहा कि राजनीति में महिलाओं को जो आरक्षण मिलना चाहिए था वह वर्षों से अटका हुआ था। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के समय यह नहीं हो पाया था। इसके बाद भी प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अधिनियम पारित हो रहा है, जो महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि वे संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं पचपदरा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों के सिलसिले में सिरोही आए हैं।

कोई गलत करता है तो कार्रवाई अवश्य होगी
वहीं, भाजपा पदाधिकारियों पर लगने वाले आरोपों के संदर्भ में कहा कि पार्टी में शिकायतों पर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की परंपरा है। इसलिए निश्चित रहें यदि कोई गलत करता है उस पर कार्रवाई अवश्य होगी। सिरोही में पूर्व विधायक पर बिना तथ्यों के आरोप लगाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का आरोप लगाया। कहा कि उनके पास यदि प्रमाण हैं तो कानून के समक्ष प्रस्तुत करने चाहिए, जिससे सत्य सामने आ सके।

नाराज तो कांग्रेस से होना चाहिए
प्रेस वार्ता में विलंब होने पर उन्होंने खेद व्यक्त किया। कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और समाज का आईना है। भाजपा हमेशा मीडिया का सम्मान करती है और उसकी स्वतंत्रता के प्रति प्रतिबद्ध है। यह भी कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान रोक लगाई थी इसलिए मीडिया को नाराज तो कांग्रेस से होना चाहिए। इस दौरान राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित, जिला प्रवक्ता लोकेश खंडेलवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्रसिंह चौहान, भाजयुमो के जिला महामंत्री अनिल प्रजापत समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button