ठेका शुरू होने से पहले बैठा दिए लठैत, दबंगई से बढ़ी दहशत

- बजरी ले जा रहे ट्रैक्टर चालकों से की जा रही मारपीट
- कंसेंट टू ऑपरेट मिलने के बाद ही शुरू हो सकेगा बजरी खनन
सिरोही. रेवदर क्षेत्र में बजरी का ठेका शुरू होने से पहले ही ठेकेदार की दबंगई शुरू हो गई है। ठेकेदार के लठैत क्षेत्र में घूमते हुए दहशत फैला रहे हैं। साथ ही बजरी ले जाने वाले ट्रैक्टर चालकों से मारपीट व गाली-गलौज कर रहे हैं। देवका-जीरावल क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। बजरी के अवैध खनन को जहां रोकने के लिए खनिज विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए, वहां निजी लठैतों की दबंगई सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बजरी ठेका अभी शुरू होना है, कंसेंट टू ऑपरेट मिलने के बाद ही यह शुरू हो सकेगा, लेकिन ठेकेदार ने अपने लठैत पहले ही बैठा दिए हैं। फर्राटे से गाडिय़ां दौड़ाते हुए ये लोग गांवों में दहशत फैला रहे हैं सो अलग। इस सम्बंध में खनिज अभियंता चंदनकुमार से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
लठैत कर रहे खनिज विभाग का काम
अवैध रूप से चल रहे बजरी खनन को रोकने के लिए खनिज विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन, यहां ठेकेदार के लठैत ही ग्रामीणों से मारपीट कर वाहनों की चाबियां ले जा रहे हैं। खनिज विभाग की ओर से अवैध खनन पर कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है। लिहाजा ठेकेदार के लठैत ही विभाग का काम कर रहे हैं।
किसकी शह पर दिखा रहे दबंगई
रेवदर क्षेत्र में दबंगों की ओर से एक ट्रैक्टर चालक को रूकवाकर मारपीट की जा रही है। इस तरह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गाली-गलौज सुनाई दे रही है। दबंग इसमें पुलिस बुलाने की बात भी कह रहे हैं। पुलिस गश्त को धत्ता बताते हुए लोगो के वाहन रूकवाने एवं मारपीट के इन मामलों से तो यही लग रहा है लठैत किसी की शह पर ही दबंगई दिखा रहे हैं।
नामजद रिपोर्ट देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं
रेवदर क्षेत्र के देवका-जीरावल में इसी तरह का एक मामला सामने आया है। बीच सडक़ ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट और गाली-गलौज की जा रही है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। लेकिन, पुलिस या खनिज विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पीडि़त पक्ष ने नामजद मामला दर्ज करवाया है, लेकिन गिरफ्तारी तो दूर किसी की धरपकड़ तक नहीं हो पाई।
छीन ली ट्रैक्टर की चाबी व मोबाइल
जीरावल में हुई इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ने रेवदर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया है कि वह ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर गांव लौट रहा था। इस दौरान एक कैम्पर गाड़ी में आए कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोका तथा हाथों में डंडे व हथियार लेकर आए बारह-तेरह लोगों ने मारपीट की। आरोपियों ने ट्रैक्टर की चाबी व मोबाइल छीन लिया तथा जातिगत शब्दों से अपमानित किया।
रिपोर्ट दर्ज की है…
इस तरह की एक घटना सामने आई है। ट्रैक्टर चालक ने इस सम्बंध में रिपोर्ट दी है, जिस पर हम जांच कर रहे हैं।
- सीताराम, थानाधिकारी, रेवदर



