
- भाजपा व कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों को किया एकत्र
सिरोही. निकायों में मतदान सम्पन्न होते ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों ही प्रमुख दलों ने सभापति पद के लिए चेहरा पहले से ही तय कर रखा है। यही कारण है कि कांग्रेस की बाड़ेबंदी का एकत्रीकरण उस जगह से किया गया, जो दावेदार के परिवार की जगह है। वहीं, भाजपा की बाड़ेबंदी में तो दो प्रत्याशी मुखर भी हुए। बाद में समझाइश करने पर वे माने। वैसे
लीक हो गई गुपचुप की बाड़ेबंदी
सिरोही नगर परिषद क्षेत्र के 35 वार्डों से दोनों प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशी वाहनों के जरिए बाहर भेज दिए हैं। हालांकि यह बाड़ेबंदी गुपचुप तरीके से की गई, लेकिन एकत्रीकरण स्थल की जानकारी लीक होते ही मामला उजागर हो गया। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को यहां भाटकड़ा चौराहे पर एक जगह एकत्र किया। यहां से बस में सिरोही से बाहर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि भाटकड़ा चौराहे की यह जगह सभापति पद की दावेदार मानी जा रही कांग्रेस प्रत्याशी के परिवार की है।
बाड़ेबंदी में झगड़े की गहमागहमी
इसी तरह भाजपा प्रत्याशियों को नया सानवाड़ा के समीप गोशाला में एकत्र किया गया। यहां से सभी प्रत्याशी बाहर भेजे गए हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा खेमे की बाड़ेबंदी में दो-तीन प्रत्याशियोंं के बीच गहमागहमी का माहौल बना रहा। दो प्रत्याशियों ने सवाल उठाया कि रायशुमारी के लिए एकत्र किया जा रहा है, जबकि सभापति पद के लिए पहले से ही दावेदार बनाया जा चुका है। आरोप है कि राज्यमंत्री व जिलाध्यक्ष ने एक प्रत्याशी को पहले ही आगे कर रखा है, जिससे यह विवाद होना बताया जा रहा है।



