- आबूरोड मानपुर हवाई पट्टी पर कार्यरत पैराशूट कंटेनर जब्त
- स्काई डाइवर दिल्ली के युवक से चल रही पूछताछ
सिरोही. आबूरोड की मानपुर हवाई पट्टी पर हाल ही में शुरू हुए स्काय डाइविंग स्कूल में चोरी के पैराशूट से एयर स्काई डाइविंग करना सामने आया है। स्काई डाइविंग करने वाले ट्रेनर से पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है। वहीं, सामने आया है कि एक से दो करोड़ रुपए मूल्य के ये पैराशूट दक्षिण अफ्रीका से चुरा कर लाए हुए है। पुलिस ने इन पैराशूट्स को जब्त कर लिया है। साथ ही इस मामले में विदेश मंत्रालय व इंटरपोल से समन्वय स्थापित कर जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के डीए गामास्कोप पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी जांच के संबंध में परिवाद मिला, जिस पर आबूरोड में मानपुर हवाई पट्टी पर आबूरोड शहर थानाधिकारी हरचंदराम देवासी व डीएसटी प्रभारी अमराराम समेत टीम ने दबिश देकर दक्षिण अफ्रीका से चोरी हुए दो पैराशूट रीग कंटेनर को जब्त कर लिया। मामले में मैक्सन एवीएशन कंपनी की ओर से मानपुर हवाई पट्टी पर एयर स्काई डाइविंग कार्य कर रहे सफदरगंज (नई दिल्ली) निवासी दिनेश पुत्र लालाराम जाट से पूछताछ की जा रही है।
अनुमानित दो करोड़ के पैराशूट्स
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि स्काई डाइविंग कें लिए उपयोग हो रहे दोनों पैराशूट का कोई वैध दस्तावेज, बिल, इकरार आदि युवक के पास नहीं मिले। संदिग्ध प्रतीत होने से पुलिस ने इन पैराशूट्स को जब्त कर लिया। प्रत्येक पैराशूट की बाजार कीमत 40 लाख से एक करोड़ रुपए तक बताई जा रही है। मामला अंतरराष्ट्रीय प्रकृति का होने से अब पुलिस विदेश मंत्रालय व इंटरपोल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जानकारी जुटा रही है।
अफ्रीका व आस्ट्रेलिया से लाया पैराशूट
बताया जा रहा है कि गत जून माह में दक्षिण अफ्रीका में इस सम्बंध में चोरी का मामला सामने आया था। एक दिन पहले ही वहां प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहां से मिले नामजद इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने मानपुर हवाई पट्टी पर मैक्सन एवीएशन कंपनी की ओर से संचालित एयर स्काई डाइविंग के दौरान उपयोग में लिए जा रहे पैराशूट रीग कंटेनर की जांच की गई। एयर स्काई डाइवर दिनेश के पास से दो पैराशूट संदिग्ध रूप से मिले। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह एक पैराशूट दक्षिण अफ्रीका से व दूसरा आस्ट्रेलिया से लेकर आया था। पूर्व में वह थाईलैण्ड, रूस, आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैण्ड में अलग-अलग जगहों पर एयर स्काई डाइविंग में कार्य चुका है।



