सिरोहीrajasthansirohiराजस्थान

उपचार में देरी से दो की मौत, तो क्या स्वास्थ्य सेवाएं अब भी पहुंच से दूर है

  • आदिवासी इलाके में अज्ञात बीमारी की सूचना से मचा हडक़म्प
  • महकमा मान रहा उपचार में देरी के कारण बच्चों की जान गई

सिरोही. आदिवासी बहुल रोहिड़ा क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने घर-घर सर्वे करते हुए उपचार शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर महकमा इसे उपचार में देरी का कारण मान रहा है। अधिकारी बताते हैं कि बच्चों को सरकारी अस्पताल ले जाने में देरी की गई। सही अस्पताल से इलाज नहीं लेना एवं झाड़ फूंक में समय गंवाने का कारण बताया जा रहा है। चाहे जो हो, लेकिन महकमे की इस सफाई से पहले ही दो बच्चों की मौत हो चुकी है। संभवतया इन इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं आज भी पहुंच से दूर ही है। वैसे यह भी तय है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल जाती तो परिजन न बच्चों को झाड़-फूंक के लिए ले जाते और न उपचार में देरी होती। अब यह महकमे को तय करना है कि आदिवासी इलाकों में लोगों को समय पर उपचार किस तरह मिल पाए।

दो-चार दिन की बीमारी में दो की मौत
सर्वे के दौरान परिजनों से बातचीत में सामने आया कि 12 वर्षीय बालक 8 नवम्बर को बीमार हुआ था। उसे हल्का बुखार, खांसी व पेटदर्द की शिकायत थी। परिजन उसे निजी क्लीनिक स्वरूपगंज, देलदर व आबूरोड में दिखाकर लाए। 14 नवम्बर को घर आते समय उसकी मृत्यु हो गई। वहीं, एक साढ़े चार वर्षीय बालिका 10 नवम्बर को बीमार हुई। उसका रोहिड़ा के निजी क्लीनिक में उपचार कराया गया। दो दिन तक झाड़ फूंक कराते रहे। समय पर इलाज नहीं मिलने से 14 नवम्बर की रात को उसकी मृत्यु हो गई।

गांव में 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
सीएमएचओ डॉ.दिनेशकुमार खराड़ी ने बताया कि पिण्डवाड़ा ब्लॉक में भूला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भूला के अधीन काला महादेव खेड़ा की छीतरिया फली में दो बच्चों की बीमारी से मौत की सूचना मिली। इस पर डॉ.सुनील गरासिया के नेतृत्व में तत्काल ही टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने गांव में घर-घर सर्वे करते हुए 108 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्क्रीनिंग के दौरान बीमार मिले लोगों को दवाइयां देकर उपचार किया गया।

मौके पर किया मरीजों का उपचार
सीएमएचओ के अनुसार चिकित्सा विभाग की टीम ने दोनों बच्चों के परिवारों एवं फली में कुल 13 घरों में स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान कुल 108 व्यक्तियों की जांच की गई। कोई बच्चा एवं व्यक्ति गंभीर बीमार नहीं मिला। परीक्षण किए गए लोगो में बुखार के 4, सर्दी के 2, खांसी के 2, फोड़ा-फूंसी के 16 व बदनदर्द के 11 मरीज मिले पाए गए। मरीजों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया तथा आवश्यकता होने पर सरकारी अस्पताल में उपचार करवाने की सलाह दी गई।

सर्वे के दौरान भी मिला बीमार बच्चा
बताया जा रहा है कि सर्वे के दौरान भी एक आठ वर्षीय बालक में पेटदर्द, कमजोरी एवं हल्के बुखार के लक्षण पाए गए। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज उपचार किया गया। फिर उसे वापस घर भेज दिया गया। अब उसका स्वास्थ्य ठीक बताया जा रहा है। चिकित्सा टीम ने प्रभावित क्षेत्र में ब्लड स्लाइड एवं एमपी कार्ड टेस्ट किए गए। पानी के नमूने जांच के लिए भिजवाए गए। आसपास के घरों में एंटी लार्वल गतिविधियां भी की गईं।

तत्काल सरकारी अस्पताल जाने की अपील
उधर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बीमारी की हालत में मरीज को तत्काल ही 108 एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाने एवं झाड़-फूंक में समय बर्बाद नहीं करने की अपील की है। क्षेत्र के सभी लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने, लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार लेने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के उपचार नहीं लेने की समझाइश की गई। वहीं, बताया कि दोनों बच्चों की मृत्यु का कारण प्रथमदृष्टया समय पर सही अस्पताल से इलाज नहीं लेना एवं झाड़ फूंक में समय गंवाने का सामने आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button