
- सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस रिपीट, भाजपा खेमे में मायूसी
- जिले में दो निकायों में भाजपा, दो में कांग्रेस व दो में निर्दलीयों के हाथ कमान
सिरोही. निकाय चुनाव के परिणाम में कांग्रेस ने बढ़त हासिल करते हुए सिरोही नगर परिषद पर अपना कब्जा बरकरार रखा। कांग्रेस से कुल 23 पार्षद जीतकर आए हैं। वहीं, भाजपा से दस व निर्दलीय दो पार्षद जीते हैं। पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी। संभवतया किसी राजनीतिक दल का यहां रिपीट होना पहली बार है। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी छा गई। आतिशबाजी के साथ खुशियां मनाई। चुनाव में कई दिग्गजों को मुंह की खानी पड़ी। जिले के कुल छह निकायों में से दो में कांग्रेस व दो में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। वहीं, दो निकायों में सत्ता की कमान निर्दलीयों के हाथ रहेगी। ऐसे में निर्दलीयों की बांछें खिली हुई है।
मंत्रियों के दौरे भी काम नहीं आए
उधर, डबल इंजन की सरकार के बावजूद भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। चुनाव को देखते हुए भाजपा ने यहां प्रदेशाध्यक्ष व प्रभारी मंत्री तक के दौरे करवाए, लेकिन सफलता नही मिल पाई। लिहाजा संगठन में अब मंथन की आवश्यकता जताई जा रही है। हार का कारण टिकट वितरण में मनमानी व मैनेजमेंट में विफलता को माना जा रहा है।
न जीत पाए और न बड़ा बहुमत मिला
सिरोही विधानसभा क्षेत्र के दो निकायों में से सिरोही में कांग्रेस पूर्ण बहुमत में है। वहीं, शिवगंज में भाजपा को बहुमत जरूर मिला है पर टक्कर कांटे की है। कुल 35 में से 18 पार्षद चाहिए होते हैं और भाजपा को इतनी ही सीटें मिली है। स्थानीय विधायक राज्यमंत्री है एवं जिलाध्यक्ष खुद शिवगंज व सिरोही में रहती हैं। इसके बावजूद सिरोही में शिकस्त व शिवगंज में किनारे का बहुमत मिलना विचारणीय ही है।
पत्नियां जीतीं, पति व दम्पति हारे
सिरोही में दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने दम्पतियों पर दांव खेला था। इनमें से कुछ पति तो कुछ पत्नियां हारीं। वहीं, कुछ पत्नियां बाजी मार ले गईं। कांग्रेस से जितेंद्र सिंघी व उनकी पत्नी अनिता दोनों ही हार गए। वहीं, कांग्रेस में प्रकाश प्रजापत हारे, जबकि उनकी पत्नी तारा प्रजापत जीत गईं। भाजपा में धनपतसिंह हारे व उनकी पत्नी अनिता जीत गईं। वहीं, प्रवीण राठौड़ जीत गए, जबकि उपनकी पत्नी मंजूदेवी हार गई।
परिणाम में यह रही स्थिति
सिरोही में भाजपा दस, कांग्रेस 23 व निर्दलीय दो
शिवगंज में भाजपा 18, कांग्रेस 14 व निर्दलीय तीन
पिण्डवाड़ा में भाजपा 7, कांग्रेस 13 व निर्दलीय पांच
आबूरोड में भाजपा 20, कांग्रेस 16 व निर्दलीय चार
माउंट आबू में भाजपा 15, कांग्रेस सात, निर्दलीय दो व आरएलपी एक
मंडार में भाजपा सात, कांग्रेस छह व निर्दलीय सात



