दिल्ली में दिलाया देवास का हवाला, दिए बिना ले गए दो लाख

- युवक ने पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया
- हवाला कारोबार का नहीं दिया कोई हवाला
सिरोही. हवाला कारोबार के चक्कर में एक युवक ने दो लाख रुपए गंवा दिए। मामला कालन्द्री थाना क्षेत्र में सिलदर गांव का है। युवक ने देवास से दिल्ली में दो लाख रुपए दिलाए थे, लेकिन पार्टी ने बिना रुपए दिए ही हवाला उठा लिया। धोखाधड़ी का शिकार हुए युवक ने पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। इसमें हवाला कारोबार का कोई हवाला नहीं दिया है।
पुलिस के अनुसार सिलदर निवासी हेमंतकुमार लोहार ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसके गांव के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति प्रतापराम माली का 15 अप्रेल को फोन आया तथा बताया कि देवास मध्यप्रदेश में केटर्स का काम लिया है। उन्हें दिल्ली में दो लाख रुपए चाहिए। यह राशि वे यहां इंदौर में दे देंगे। इस पर उसने किसी नितिन कोठारी के जरिए यह मैनेज करवाया। प्रतापराम माली का एजेंट दिल्ली में बताए स्थान से दो लाख रुपए ले गया, लेकिन इंदौर में पैसे जमा नहीं हुए। दिल्ली से यह जानकारी मिलने पर उसने प्रतापराम माली से बात की तो पता चला कि प्रतापराम माली बनकर जो उससे बात कर रहा था वह कोई फ्रॉड था और उससे धोखाधड़ी कर दो लाख रुपए हड़प लिए। नितिन कोठारी ने भी उसे बताया कि सामने वाली पार्टी ने पैसे जमा नहीं कराए है तथा उसका फोन बंद आ रहा है।
पूरा खेल हवाला कारोबार का
धोखाधड़ी के इस मामले में पूरा खेल हवाला कारोबार का है। राशि देवास में जमा करानी थी एवं दिल्ली में ली गई। हवाला के इस कारोबार को राजस्थान में बैठे हुए संचालित किया जा रहा है। इस तरह का यह मामला सामने आने के बाद भी पुलिस हवाला कारोबारियों पर कब कार्रवाई करेगी कहना मुश्किल है।
सिरोही से इंदौर व दिल्ली तक फैले तार
इस मामले में सिरोही जिले के युवक के साथ धोखाधड़ी हुई, लेकिन लेन-देन का जरिया हवाला कारोबार ही रहा। देवास से कोई व्यक्ति प्रतापराम बनकर उससे सम्पर्क कर रहा है एवं दिल्ली में राशि दिलाई जा रही है। इंदौर में राशि लेने वाला नितिन कोठारी, जो हवाला की राशि जमा करने वाला था एवं दिल्ली में उसका दूसरा एजेंट, जो दो लाख रुपए दे रहा है। सिरोही जिले से लेकर इंदौर व दिल्ली तक हवाला कारोबार के तार फैले हुए हैं, लेकिन इन पर नकेल नहीं कसी जा रही।



