खा गया दस लाख की हींग, पुलिस ने पकड़ा तो दिखाया रसूख

- व्यापारी से सौदा कर लगातार उठाता रहा माल
- रुपयों के बदले थमाए चेक, बैंक में गए तो बाउंस हो गए
जोधपुर. एक व्यापारी से दस लाख की हींग ले जाने एवं पैसे हड़प करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक व्यापारी को झांसे में लिया तथा लाखों का माल मंगवाया। रुपए देने की बारी आई तो चेक भेज दिए, जो बैंक में बाउंस हो गए। मामला पुलिस तक पहुंचा तो आरोपी अपने राजनीतिक रसूख दिखाने लगा। बताया जा रहा है कि उसने पुलिस को भी धमकाया। मामला जोधपुर का है, जहां से बीकानेर निवासी एक व्यक्ति ने उसका दस लाख का माल ठग लिया।
सट्टे में गंवा दी राशि
शहर के माता का थान इलाके में विद्यानगर में एक युवक से हींग को अच्छे दामों में बिकवाने का लालच देकर बीकानेर के एक शातिर ने उसे ठग लिया। दस लाख की हींग मंगवाई और रकम को खुर्दबुर्द कर गया। बदले में तीन फर्जी चेक थमाए, जो बाउंस हो गए। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उसने यह राशि सट्टे में गंवा दी।
बीकानरे गया तब झांसे में लिया
पुलिस के अनुसार करीब पांच महीने पहले विद्यानगर निवासी मुकेश सोनी ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। इसमें बताया था कि उसने हाल ही में हींग का कारोबार शुरू किया है। कारोबार के सिलसिले में वह बीकानेर गया था। इस बीच वहां पर उसे बिस्सों का चौक (नया शहर) निवासी नरेशकुमार पुत्र किशनकुमार बिस्सा मिला। उसने हींग की जांच के बाद उसे झांसा दिया तथा दस लाख की हींग मंगवा कर हड़प कर ली।
अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया
मामले के अनुसार आरोपी ने उसे बताया था कि वह उसे अच्छा मुनाफा दिला सकता है। इसके बाद नरेश बिस्सा अपने परिचित के साथ जोधपुर आया और मुकेश सोनी से हींग लेने का व्यापारिक लेनदेन शुरू किया। शुरूआत में सेंपलिंग जांच के बाद उससे 50 किलो हींग मंगवाई। बाद में मात्रा बढ़ाते हुए हींग मंगवाता रहा। करीब दस लाख की हींग उसे दी गई। रुपए के बदले में उसे तीन चेक मिले, जो फर्जी निकले।
पुलिस को भी धमकाने का प्रयास किया
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज जांच शुरू की। इसके तहत अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम बीकानेर पहुंची, लेकिन आरोपी ने पुलिस को भी अपनी राजनीतिक पहुंच बताते हुए धमकाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।#jodhpur. usurped ten million asafetida