- पंचायतराज आम चुनाव की मतगणना का काउंट डाउन शुरू
सिरोही. महीनेभर से जिस घड़ी का इंतजार था वह खत्म हो रही है। पंचायतराज आम चुनाव के परिणाम को लेकर काउंट डाउन शुरू हो चुका है। महज कुछ ही घंटों बाद यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि जिले की सबसे बड़ी पंचायत और ब्लॉक पंचायतों में किसकी सरकार बनेगी। जिला परिषद व पंचायत समितियों में सत्ताधारी दल अपनी पकड़ी मजबूत रखने में कामयाब रहता है या विपक्ष दल इन पर हावी होता है यह तय होने के बीच महज एक रात का ही अंतराल है। उधर, मतगणना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं, बाड़ाबंदी में कैद प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की धडक़नें ऊपर-नीचे हो रही है।
मतगणना कक्ष व टेबल आवंटित
जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतगणना 20 नवम्बर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन सिरोही में सुबह 8 बजे से होगी। पंचायत समिति सिरोही के लिए कमरा नम्बर 17, कालन्द्री के लिए कमरा नम्बर 16, आबूरोड के लिए कमरा नम्बर एन.1, शिवगंज के लिए कमरा नम्बर एन. 2, पिण्डवाड़ा के लिए कमरा नम्बर 10, भावरी के लिए कमरा नम्बर 11, मंडार के लिए कमरा नम्बर एन. 3 व रेवदर के लिए कमरा नम्बर 22 में मतगणना की जाएगी। सिरोही, कालन्द्री, आबूरोड, शिवगंज, मंडार व रेवदर के लिए टेबल की संख्या 6-6 एवं पिण्डवाड़ा में 8 व भावरी में 9 टेबल रहेंगे।
पहले समिति सदस्य, फिर परिषद सदस्य
जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए दो चरणों में मतगणना की जाएगी। प्रथम चरण में पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतगणना की जाएगी। सभी समिति सदस्यों के निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाने के बाद द्वितीय चरण में जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों की अभ्यर्थीवार मतगणना की जाएगी।
फिर चुने जाएंगे प्रमुख व प्रधान
इसी तरह जिला प्रमुख के लिए चुनाव 25 नवम्बर को एवं उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवम्बर को हांगे। वहीं, प्रधान का चुनाव 27 एवं उप प्रधान का चुनाव 28 नवम्बर को निर्धारित किया गया है।
तैयारियों का जायजा लिया
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्वसिंह तोमर ने मतगणना से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक अजयसिंह राठौड़ के साथ मतगणना केंद्र में अवलोकन कर निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों व कार्मिकों को निर्देशित किया। मतगणना स्थल पर पेयजल, बिजली, पर्यवेक्षक कक्ष, मीडिया सेंटर, निर्वाचन कक्ष, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश गोयल आदि मौजूद रहे।



