घर को ताला लगाकर कोर्ट गए कर्मचारी, पीछे लाखों के जेवरात चोरी

- शाम को लौटने पर अंदर से बंद मिला दरवाजा, पॉश कॉलोनी में दिन-दहाड़े वारदात
जोधपुर. शहर की पॉश कॉलोनी में दिन-दहाड़े चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। घर के लोग कोर्ट में कर्मचारी हैं, जो ड्यूटी पर गए थे। पीछे से चोर घर में घुसे तथा लाखों रुपए मूल्य की सोना-चांदी व जेवरात चुरा ले गए।
महामंदिर थाने में इस सम्बंध में पावटा बी रोड लक्ष्मी नगर निवासी रणजीमल लोढ़ा ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि वे और उनका पुत्र कोर्ट में लिपिक हैं। पत्नी वाणिज्यिक न्यायालय मुंसरिम पद पर कार्यरत है। शनिवार को वे सब लोग कोर्ट चले गए थे। शाम को उनकी पत्नी सबसे पहले घर पहुंची। तब बाहर से ताला लगा था, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। कमरे की लाइट भी जलती मिली। इस पर पत्नी ने उन्हें फोन मिलाया। जानकारी मिलने पर पिता-पुत्र भी घर पहुंचे। इसके बाद दरवाजा खोला गया। अंदर सारी लाइट्स जल रही थी। एक कमरे की अलमारी टूटी पड़ी मिली तथा सामान बिखरा मिला। चोर घर से लगभग 15 तोला सोने के गहनों के साथ चांदी की सिल्लियां, आधा किलो से ज्यादा बने बनाए आइटम आदि ले गए। घर से लगभग दस लाख रुपए मूल्य का सोना चुराया गया है।
घर सूना छोड़ कर जाने से लग रहा डर
उधर, शहर की पॉश कॉलोनी में दिन-दहाड़े हुई चोरी की वारदात के बाद लोग भयभीत है। घर को सूना छोड़कर जाने से भी लोग डर रहे हैं।#Jodhpur. Employees went to court by locking the house, behind theft jewelery worth lakhs