पति पर लगाया आरोप और फैमिली ग्रुप में वॉयस मैसेज डालकर जान दे दी

- बेटी के साथ पानी के टांके में कूद गई विवाहिता, पटवारी पति पर महिला पटवारी से अफेयर का आरोप
सांचौर (जालोर). पटवारी पति पर एक महिला पटवारी से अफेयर का आरोप लगाते हुए विवाहिता ने जान दे दी। वह बेटी को साथ लेकर पानी भरे टांके में कूद गई। महिला ने आत्महत्या से पहले फैमिली व्हाट्सएप ग्रुप में वॉयस मैसेज डाला तथा व्यथा बताई। इसमें आरोप लगाया कि पति उसके साथ छह महीनों से बात नहीं कर रहा है।
जानकारी के अनुसार बलवना (सांचौर-जालोर) निवासी प्रकाशदेवी (32) अपनी ढाई साल की बेटी आर्या के साथ मंगलवार शाम टांके में कूद गई। पति अशोक कुमार सांचौर में पटवारी के पद पर कार्यरत है। दो दिन पहले रिश्तेदार की शादी में शामिल होने प्रकाश देवी सांचौर से बलवाना सास-ससुर के पास आई थी। मंगलवार दोपहर परिजन किसी काम से बाहर गए थे। इस दौरान प्रकाश देवी घर में ही अपनी बेटी के साथ थी। शाम करीब चार बजे उसने व्हाट्सएप पर फैमिली ग्रुप में वॉयस मैसेज डाला। इसके बाद बेटी को गोद में लेकर घर के बाहर बने पानी भरे टांके में कूद गई। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची तथा मौका-मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
भाग कर आए, लेकिन शव मिले
फैमिली ग्रुप में वॉयस मैसेज आते ही परिजन चिंतित हो गए। सास-ससुर ने भी यह वॉयस मैसेज सुना तथा तत्काल ही घर की ओर भागे। घर में बहू व पोती को नहीं देखा तो चिंता बढ़ गई। काफी तलाश करने के बाद टांके में शव तैरते मिले।
पति छह माह से बात नहीं कर रहा
वॉयस मैसेज में विवाहिता ने अपने पति पर आरोप लगाए हैं। इसमें कहा है कि पति अशोककुमार का जयपुर की रहने वाली एक महिला पटवारी से संबंध है। इसके कारण वह पिछले छह महीने से मुझसे बातचीत नहीं कर रहे हैं। मेरे सास-ससुर बेगुनाह हैं। मेरे पिताजी से कहना कि वह रोएं नहीं। मेरे 4 साल के बेटे का ध्यान रखें। गौरतलब है कि विवाहिता का चार वर्षीय बेटा ननिहाल में रहता है।#jalore.Married woman suside in water tank with daughter, Patwari husband accused of affair with female Patwari