
- मिट्टी में दफन हो गए पम्प सैट व केबल
- तेज बारिश में पानी के रिसाव से कृषि कुआं ढहा
सिरोही. लगातार चल रहे बारिश के दौर में किसान को भारी नुकसान हुआ है। जिला मुख्यालय से सटे सारणेश्वर गांव के समीप तीन दिन पहले कृषि कुआं ढहने के समाचार है। किसान ने इस कुएं की हाल ही में मरम्मत करवाई थी। इस पर हजारों रुपए खर्च किए थे, लेकिन बारिश में कुआं ढह गया। ऐसे में पम्प सैट व अन्य बिजली सामान, पाइप आदि भी मलबे के साथ जमींदोज हो गए।#SIROHI_SARNESWARMAHADEV
हाल ही में करवाई थी मरम्मत
ग्रामीणों ने बताया कि कुआं ढहने से किसान को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। लम्बे समय से बारिश का अभाव झेल रहे किसान ने फसल की सिंचाई के लिए कुएं की मरम्मत करवाई थी। इसके लिए पम्प सैट भी लगाया था, लेकिन बारिश में ढहे कुएं में ही सारा सामान खराब हो गया।
मलबा निकालना भी अब जोखिम भरा
जानकारी के अनुसार गत बुधवार को सारणेश्वर गांव में तेज बारिश के दौरान पानी का रिसाव होने से गोस्वामी कृषि कुएं की एक दीवार ढह गई। किसान राजेश परबत पुत्र देवा परबत ने बताया कि ऊपरी हिस्से की दीवार भी अब गिरने की कगार पर है। ऐसे में मलबे को बाहर निकालना जोखिम भरा है। कुआं करीब 70 फीट गहरा है, जिसमें पचास फीट तक पानी है। मलबा गिरने से कुआं पूरी तरह खराब हो चुका है।
हजारों का खर्च जमींदोज
पीडि़त किसान ने बताया कि कुछ दिन पहले ही कुएं की सफाई एवं मरम्मत करवाई थी। अब पत्थर-मिट्टी आदि गिरने से कुएं में मलबा भर गया है। इस मलबे को बाहर निकालने एवं मरम्मत कराने में वापस खर्चा करना पड़ेगा। किसान ने बताया कि बड़ी मुश्किल से मरम्मत करवाई थी, लेकिन सारा खर्च मलबे के साथ ही जमींदोज हो गया।