
- पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जमकर किया नृत्य
- शोक संतप्ति के लिए लगे हाथ निकाले दो मिनट
सिरोही. दीपावली के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इन हाउस कार्यक्रम होने से इसे परिवार मिलन समारोह नाम दिया गया। बुधवार को शहर में हाईवे स्थित एक गार्डन में हुए इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित दिखे। हालांकि दो दिन पहले गुजरात के मोरबी में हुए ब्रिज हादसे के मृतकों को भी इस कार्यक्रम के दौरान श्रद्धासुमन अर्पित किए गए, लेकिन यह दो मिनट का शोक अंतिम समय में याद आया। कई घंटों बाद के नाच-गान के बाद लगे हाथों शोक व्यक्त किया गया। इसके लिए दो मिनट का वक्त निकाला गया। आखिर गुजरात में हादसा हुआ है और अपनी ही पार्टी की सरकार है तो पदाधिकारियों को शायद यह जरूरी लगा कि श्रद्धासुमन अर्पित करने चाहिए। फिर क्या था दो मिनट का समय ही तो निकालना है। वैसे यह पार्टी का इन हाउस कार्यक्रम था, लेकिन नाच-गान और श्रद्धांजलि जैसे विपरित विषयों को एक साथ रखने का एजेंडा समझ से परे था।# sirohi_bjp
गीत व भजनों की प्रस्तुति दी
कार्यक्रम का आगाज भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामाप्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। गायक कांतिलाल कोली ने देशभक्ति गीत व भजन प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने परस्पर दीपावली की शुभकामनाएं दी।
मोदी के मोदी के नाम पर सिरोही जीतने की ललक
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने चुनावी शंखनाद किया। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में जुटने का आग्रह किया। कहा कि जिले की तीनों विधानसभा सीट पर भाजपा का परचम लहराना है। साथ ही कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएं, ताकि लोगों को इनका लाभ मिल सके।
कुछ इस तरह चला कार्यक्रम
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी चिराग रावल ने बताया कि कार्यक्रम में विधायक, पूर्व विधायक, जिला प्रमुख से लेकर विभिन्न मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति गीत व भजनों पर नृत्य किया। कार्यक्रम के समापन पर मोरबी में हुई घटना को लेकर श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन किया गया।