
- जिला परिषद सदस्य के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा की जीत
- कम मतदान प्रतिशत से सांसें ऊपर-नीचे थी पर जीत ही गए
सिरोही. जिला परिषद सदस्य के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जीत मिली। हालांकि सत्ता पक्ष से जुड़ाव होने से अनुमान ऐसा ही था, लेकिन मतदान प्रतिशत कम रहने से सांसें ऊपर-नीचे भी हो रही थी। वैसे भाजपा प्रत्याशी की इस जीत ने जनप्रतिनिधियों को भी संजीवनी दे दी। वहीं, संगठनात्मक स्तर पर भी कुछ खुशी का माहौल मिल गया। माना जाए तो उप चुनाव में जिले के जनप्रतिनिधियों का मान दांव पर लगा हुआ था और प्रत्याशी की इस जीत ने सबको जीता दिया। जीत भी इस कदर कि उप चुनाव में कांग्रेस चारों खाने चित्त हो गई।
- 1. बरकरार रही सांसद की सीट
जिला परिषद वार्ड संख्या-18 से पूर्व में लुम्बाराम चौधरी को जीत मिली थी। लोकसभा सदस्य के लिए टिकट मिलने पर वे सांसद चुन लिए गए। अब उप चुनाव में यहां से वापस भाजपा प्रत्याशी ही जीता, जिससे सांसद की सीट बरकरार रही। - 2. पंचायतराज राज्यमंत्री का गृह क्षेत्र
पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी का यह गृह क्षेत्र है। वे सिरोही से विधायक हैं एवं जिले में लगातार सक्रिय रहते हैं। पंचायतराज संस्थाओं के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जीत मिलने से उनकी रणनीति व सक्रियता को और बल मिला है। - 3. मजबूत हुईं जिलाध्यक्ष
भाजपा में हाल ही में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। इसके बाद यह पहला उप चुनाव रहा। इस चुनाव में जीत मिलने से नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी का कद बढ़ा हैं और संगठनात्मक स्तर पर वे और अधिक मजबूत हुई हैं।
पहले से आधा मतदान फिर भी जीत का अंतराल दस गुना
उप चुनाव के परिणामों ने सभी को चौंका दिया। मतदान प्रतिशम कम होने के पर भी इतने ज्यादा अंतर से जीत हासिल करना चौंकाने वाला परिणाम ही रहा। इसी वार्ड के लिए पूर्व में हुए चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी को जितने मतों से जीत मिली थी इस बार दस गुना ज्यादा मतों से जीत हासिल की है। उस समय भाजपा प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी को यहां 407 मतों से जीत मिली थी, वहीं इस बार भाजपा प्रत्याशी दिलीपकुमार को 4167 मतों से जीत मिली है।
यह रहा परिणाम
इस बार कुल मतदान 8854
दिलीपकुमार (भाजपा) 6377
नरेशकुमार (कांग्रेस) 2210
नोटा 267
जीत का अंतर 4167
पिछली बार कुल मतदान 16708
लुम्बाराम (भाजपा) 8094
जगदीशचंद्र रायका (कांग्रेस) 7687
मीठाराम (अन्य) 434
नोटा 493
जीत का अंतर 407