
- समुचित इलाज के लिए सरकारी सुविधा की दरकार, मुख्यमंत्री को ज्ञापन
सिरोही. बाहरीघाटे से सटे नया सानवाड़ा गांव में समुचित इलाज के लिए सरकारी सुविधा की दरकार जताई गई है। आसपास कई गांव होने के बावजूद नया सानवाड़ा अर्से से उपेक्षित है और यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की आवश्यकता है। इस सम्बंध में भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी हिम्मत छीपा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया है।
उन्होंने बताया कि फोरलेन पर बसा होने के बावजूद नया सानवाड़ा गांव मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। यहां अभी तक उप स्वास्थ्य केन्द्र ही संचालित है, जबकि गांव की आबादी निरंतर बढ़ रही है एवं आसपास दर्जनों गांव है, जिन्हें यहां पीएचसी का फायदा मिल सकता है। जयपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर उन्होंने गांव के उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में क्रमोन्नत किए जाने की मांग रखी।
तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलेगी
ज्ञापन में बताया कि नया सानवाड़ा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित होने पर ग्रामीणों को काफी फायदा मिलेगा। वहीं, आसपास के तेलपुर, बालदा, राजपुरा, जूना सानवाड़ा, वीरोली, झूपा बस्ती, मोटाल, खड़ी गेगरवा समेत कई गांवों को समुचित चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। फोरलेन पर आए दिन होने वाले हादसों में भी घायलों को तत्काल ही प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मुहैया हो सकेगी।



