
- फोरलेन पर पशुओं की आवाजाही से बढ़ रहे हादसे
- जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
सिरोही. फोरलेन पर पशुओं की आवाजाही से हादसे बढ़ रहे हैं, जिनकी रोकथाम को लेकर जिला कलक्टर अल्पा चौधरी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। वे गुरुवार को आयोजित जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। उन्होंने एनएचएआई की सडक़ों पर बेसहारा गोवंश के आवागमन पर रोकथाम की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि इससे हाईवे पर हादसे बढ़ रहे हैं। इनका आवागमन रोकने से हादसों में भी कमी लाई जा सकेगी। वहीं, उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सडक़ किनारे के अतिक्रमण तत्काल प्रभाव से हटाए जाने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में अन्य विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
परिवहन विभाग की झांकी को सराहा
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने परिवहन विभाग की ओर से किए जा रहे प्रचार-प्रसार कार्यों की सराहना की। जिला परिवहन अधिकारी अक्षमिता राठौड़ कहा कि गणतंत्र दिवस पर आयोजित जिलास्तरीय समारोह में विभाग की ओर से राहवीर योजना के प्रचार को लेकर झांकी प्रदर्शित की गई, जो बेहतरीन रही। इससे लोगों में इस योजना के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी अक्षमिता राठौड़ को इस तरह के कार्यक्रम लगातार किए जाने एवं जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
हाईवे के अवैध कट्स पर कार्रवाई के निर्देश
हाईवे के अवैध कट व ब्लैक स्पॉट को लेकर भी निर्देश दिए गए। कमेटी की ओर से प्रस्तुत संयुक्त मौका निरीक्षण रिपोर्ट पर चर्चा की गई। एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ों पर अनधिकृत कटों का सर्वे कर नोटिस जारी करें। जिले में ब्लैक स्पॉट सर्वोत्तम होटल से हनुमान टेकरी खड़ात तक, चन्द्रावती पुल से अमरनाथ महादेव मंदिर रोड तक-रीको आबूरोड सर्विस रोड, सरूपगंज में श्रीराम होटल कट से एचआर पेट्रोल पम्प तक, सिरोही में आम्बेश्वरजी कट से मेडिकल कॉलेज, अजारी से जनापुर चौराहा-पिण्डवाड़ा, सारणेश्वरजी महादेव मंदिर कट पर सुधारीकरण, शिवगंज कस्बे में जाने वाली सडक़ के सुधारीकरण, बाहरीघाटा जंक्शन के सुधारीकरण, एनएच-27 पर सन रिसोर्ट के सामने वाले कट के सन्दर्भ में कमेटी ने संयुक्त मौका निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की।



