सिरोहीcrime newsrajasthansirohiराजस्थान

पलाश के पत्तों की बाड़ व सौंफ की आड़ में अफीम-गांजे की खेती

  • आदिवासी क्षेत्र में 1308 किलो पौधे जब्त
  • दुर्गम पहाड़ी में पुलिस की दबिश, आरोपी हाथ नहीं लगे
  • अफीम के कई पौधों पर लगे डोडों में लगा रखे थे चीरे

सिरोही. रोहिड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम व गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। दुर्गम व पहाड़ी क्षेत्र के खेतों में बोई फसल को पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने 1100 किलो अफीम व दो सौ किलो से ज्यादा गांजे के पौधे जब्त किए हैं। वहीं, मामले में आरोपियों को नामजद किया गया है, लेकिन कार्रवाई के दौरान कोई हाथ नहीं लगा। पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि रोहिड़ा के दुर्गम व पहाड़ क्षेत्र के खेतों में अफीम व गांजा बुवाई की सूचना मिली थी। इस आधार पर रोहिड़ा थानाधिकारी अमराराम खोखर के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में गांजा व अफीम के पौधे मिले। अफीम के पौधों पर डोडे मिले तथा किसी ने चीरे लगाए हुए भी मिले। पुलिस ने अलग-अलग खेतों से अफीम व गांजे के पौधे जब्तर कर लिए।

सौंफ के बीच गांजे की बुवाई
पुलिस के अनुसार पानीयाफली में कोसिया बांध के पास काकरली फली नाले में रामा पुत्र नानाराम गमेती के खेत में गांजे की अवैध खेती की सूचना मिली थी। बांध की तलहटी में टापुनुमा जगह के पास नाले के किनारे खेत में सौंफ के बीच गांजे के पौधे दिखे। झोपेनुमा घर में कोई नहीं मिला। पौधों को उखाड़ कर तौल करने पर 87 किलोग्राम वजन आया।

नजदीकी खेत में अफीम की बड़ी खेती
गांजा मिलने के दौरान ही आसपास के अन्य तीन-चार खेतों में भी अफीम व गांजे की खेती नजर आई। अफीम के पौधों पर फूल व डोडे लगे हुए मिले। कई डोडों पर चीरा लगाया हुआ था। कैलाश उर्फ कालिया पुत्र भेराराम गमेती के दो बीघा में सौंफ के बीच गांजा व अफीम की फयल मिली, जिसे उखाडक़र जब्त किया। अफीम व डोडों का वजन 1100 किलो व गांजे का वजन 121 किलो मिला।

अभी और बढ़ेगा माल का वजन
पुलिस के अनुसार बरामद माल में अभी और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। पुलिस की खोजबीन में नजदीकी खेतों में भी अफीम व गांजे की बुवाई होना सामने आया है। रामाराम पुत्र भमराराम, मानाराम पुत्र भेराराम, रमेश पुत्र भमराराम गरासिया ने भी अफीम व गांजे की खेती कर रखी है। पुलिस इस पर अभी कार्रवाई कर रही है।

पलाश के पत्तों की बाड़ व सौंफ की आड़
बताया जा रहा है कि अफीम व गांजा की फसल छिपाने के लिए खेत के चारों ओर पलाश के पत्तों की बाड़ व सौंफ की खेती कर रखी थी। इससे आसपास से गुजरने वालों को खेत का नजारा न दिखे एवं सौंफ की खुश्बू के बीच अफीम व गांजे की गंध से भी बचा जा सके। पुलिस ने अभी तक 11 क्विंटल अफीम के पौधे व डोडा एवं दो क्विंटल आठ किलो गांजे के पौधे बरामद किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button