- भीमाना में निष्क्रमणीय पशुपालक आवासीय विद्यालय का शिलान्यास
सिरोही. पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी कार्य कर रही है। शिक्षा क्षेत्र में उत्थान के लिए कई घोषणाएं की है, जो लोगों को लाभ दे रही है। निष्क्रमणीय पशुपालकों के लिए अब पिण्डवाड़ा क्षेत्र में आवासीय विद्यालय की सौगात दी गई है, जो शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। इससे पशुपालकों के बच्चे शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगे। वे भीमाना में निष्क्रमणीय पशुपालक आवासीय विद्यालय के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर सभी को ध्यान देना चाहिए। सरकार कोई कमी नहीं रख रही है। आवासीय विद्यालय से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा क्षेत्र में भी प्रगति हो सकेगी। कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए वे पूर्ण प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों के लिए आगे भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
पशुपालकों को विद्यालय से काफी लाभ मिलेगा
इस दौरान विधायक समाराम गरासिया ने कहा कि क्षेत्र के पशुपालकों को इस विद्यालय से काफी लाभ मिलेगा। जिला प्रमुख अर्जुनराम, कसनाराम देवासी, भूपेंद्र देवासी सहित अन्य ने विचार व्यक्त किए। प्रारंभ में पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया गया। वहीं, राज्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पुष्पवृष्टि से स्वागत किया। समारोह में उपखंड अधिकारी नरेन्द्रकुमार, भाजपा जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़, नरपतसिंह राणावत समेत कई लोग मौजूद रहे।
इस तरह बनेगा विद्यालय
पिण्डवाड़ा में वर्ष 2024-25 की बजट घोषणा अनुसार माइग्रेटरी पशुपालकों के लिए निष्क्रमणीय पशुपालक बालक आवासीय विद्यालय की घोषणा की गई थी। इसके लिए 1895 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। विद्यालय में अनुमानित क्षमता 280 बालकों की रहेगी।



