स्पा सेंटर पर कार्रवाई, तीन युवतियां व दो युवक हिरासत में

- पुलिस थाना व डीएसपी आवास के नजदीक चल रहा स्पा सेंटर
सिरोही. शिवगंज शहर में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर कार्रवाई करते हुए तीन युवतियों व दो युवकों को हिरासत में लिया है। सेंटर पर अवैध गतिविधियां होने की सूचना के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार कुंदननगर के समीप चल रहे वाइब ड्रीम फैमिली रेस्टोरेंट एंड स्पा पार्लर पर सोमवार देर शाम पुलिस ने दबिश दी। यहां से तीन युवतियों व दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर में आपसी झगड़े की सूचना मिली थी। संदिग्ध गतिविधियों की आशंका के चलते यहां मिले लोगों को हिरासत में लिया गया है। उल्लेखनीय है कि यह स्पा सेंटर पुलिस थाने व पुलिस उप अधीक्षक आवास के नजदीक ही संचालित हो रहा है।
मूकदर्शक बनी हुई है पुलिस
बताया जा रहा है कि शहर में कई जगहों पर इस तरह का कारोबार संचालित है, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। स्पा सेंटर की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही है पर पुलिस मानों सोई हुई है। यह स्पा सेंटर भी पुलिस थाने के नजदीक है पर कार्रवाई करने में इतना समय कैसे लगा सोच सकते है।



