वैन में मिला छह किलो अफीम दूध, तीन तस्कर गिरफ्तार

- एस्कॉर्ट कर रही कार भी जब्त, अनुमानित 32 लाख का माल जब्त
सिरोही. पुलिस ने पिण्डवाड़ा में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अफीम दूध बरामद किया है। कार्रवाई में एस्कॉर्ट कार समेत दो वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, तीन तस्कर भी दबोच लिए गए। माल की अनुमानित कीमत 32 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार पिण्डवाड़ा में हाईवे पर मोरस चौकी के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक वैन जीजे-01-डब्लूडी-6378 को जब्त कर उसमें रखा छह किलो 340 ग्राम अफीम दूध बरामद किया गया। वहीं, एस्कॉर्ट कर रही कार को आरजे-24-सीबी-0678 को भी जब्त कर लिया।
रानीवाड़ा क्षेत्र के तीनों तस्कर
अफीम तस्करी मामले में तीन जनों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों तस्कर जालोर जिले में रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी है। पुलिस के अनुसार फतापुरा निवासी ललितकुमार पुत्र रतनाराम हीरागर, आकराड निवासी रिदाराम पुत्र परखाराम कलबी व वसनाराम पुत्र सामतीराम देवासी को गिरफ्तार किया गया है।



