सिरोहीrajasthansirohiराजस्थान

कचरे के ढेर पर बैठा रहा स्वच्छता की मॉनिटरिंग वाला महकमा

  • न नियमित सफाई हो रही और न कचरा निस्तारण कर रहे
  • सोच सकते है जिले में कैसी होती होगी सफाई की मॉनिटरिंग

सिरोही. स्वच्छता अभियान की मॉनिटरिंग करने वाला महकमा कचरे के ढेर पर बैठा हुआ है। यहां तक कि पंचायतराज विभाग के बड़े अधिकारी इसी कार्यालय में बैठते हैं। इसके बावजूद न तो नियमित सफाई हो रही और न कचरा निस्तारण किया जा रहा। गनीमत रही कि शनिवार को यहां सभागार में जिलास्तरीय बैठक हो गई, अन्यथा सफाई अब भी नहीं होती। चौंकना लाजिमी पर हकीकत यही है। जिला परिषद कार्यालय परिसर में शनिवार को लोडर मशीन से सफाई की गई तथा दो-तीन ट्रॉली कचरा उठाया गया। अपने कार्यालय की सफाई तक समय पर नहीं करवा रहे तो जिले में सफाई की मॉनिटरिंग किस तरह होती होगी सोच सकते हैं।

अधिकारी आते रहे, सफाई होती रही
दिलचस्प तो यह रहा कि सभागार में अधिकारी बैठे रहे और बाहर सफाई होती रही। अधिकारी यहां आयोजित जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में सम्मिलित होने आए थे। एक-एक कर अधिकारी आते रहे और सभागार में जाते रहे। बाहर कर्मचारी लोडर मशीन से सफाई अभियान चलाते दिखे।

फिर भी इनको समय नहीं मिला
वैसे सांसद की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक की तिथि में बार-बार बदलाव भी हुआ। प्रारंभ में यह बैठक 27 फरवरी को होनी थी। इसके बाद 5 मार्च व फिर 14 मार्च को तिथि निर्धारित की गई। बीच में होली का त्योहार भी आया पर व्यवस्था बदहाल ही रही। बैठक आयोजन की पहली तिथि से अभी तक पूरे पंद्रह दिन मिलने के बावजूद जिम्मेदार परिसर की समुचित सफाई तक नहीं करवा पाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button