सिरोहीcrime newsrajasthansirohiराजस्थान

सरकारी गोदाम के बजाय गुजरात सीमा पर पहुंची लाखों की शराब जब्त

  • गोदाम से आगे निकल बॉर्डर तक पहुंचा माल पुलिस ने पकड़ा
  • कार्रवाई के बाद पुलिस व आबकारी महकमा आमने-सामने

सिरोही. अलवर डिस्टलरी से आबूरोड के सरकारी गोदाम के लिए लोड की गई शराब की खेप गुजरात बॉर्डर पर जब्त कर ली गई। ट्रक में करीब अस्सी लाख रुपए का माल भरा हुआ था, जो सरकारी गोदाम के बजाय ठेठ बॉर्डर तक पहुंच गया। पुलिस के खाते में दर्ज इस कार्रवाई के बाद पुलिस व आबकारी महकमा आमने-सामने हो गया है। पुलिस इसे तस्करी से जुड़ा मामला बता रही है। अधिकारी बताते हैं कि कंटेनर गोदाम से आगे गुजरात सीमा तक पहुंच गया था एवं बॉर्डर में घुसने से पहले ही माल को पकड़ लिया गया। वहीं, आबकारी अधिकारी बताते हैं कि चालक नया होने से रास्ता भूल गया था एवं गोदाम से कुछ आगे चला गया था। पुलिस पर गलत तरीके से माल जब्त करने का आरोप लगाया।

रीको ग्रोथ सेंटर से आगे ही गुजरात सीमा
बताया जा रहा है कि अलवर स्थित डिटलरी से आबूरोड स्थित सरकारी गोदाम के लिए राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 1085 कर्टन भरे गए थे। कंटेनर में भरा गया यह माल आबूरोड स्थित रीको ग्रोथ सेंटर के सरकारी गोदाम में पहुंचाना था। चालक इस माल को गोदाम से आगे ले गया, जबकि रीको ग्रोथ सेंटर से कुछ दूरी पर ही गुजरात सीमा शुरू हो जाती है।

इस तरह हुई पुलिस कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गुरुवार को मावल पुलिस चौकी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर आरजे-02-जीए-9249 को जब्त किया गया। इसमें राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब भरी मिली। जांच में सामने आया कि यह माल अलवर से लाया गया था एवं सरकारी गोदाम में पहुंचाना था, लेकिन गुजरात सीमा तक पहुंच गया। पुलिस ने कंटेनर समेत माल जब्त कर लिया। चालक ढोकलनगर (मुण्डावर-अलवर) निवासी रूपचंद पुत्र रामचंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया।

रूट वॉयलेंस ही था…
यह रूट वॉयलेंस का मामूली मामला था, जिसे पुलिस ने गलत तरीके से पकड़ा है। चालक नया था एवं भूलवश आगे चला गया था। पुलिस अधिकारियों से बात भी की थी, फिर भी कार्रवाई कर दी।

  • अजय जैन, जिला आबकारी अधिकारी, सिरोही

इसलिए हमने पकड़ लिया…
सरकारी गोदाम रीको ग्रोथ सेंटर में है तथा माल भरा कंटेनर गुजरात सीमा तक पहुंच गया था। यह गुजरात में घुसने का प्रयास कर रहा था इसलिए हमने पकड़ लिया।

  • लक्ष्मणसिंह चम्पावत, थानाधिकारी, रीको थाना, आबूरोड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button