
- पुलिस का कहना रहा अभी तक कोई क्लेम करने नहीं आया
- अभी तक पता नहीं चला यह माल हवाला का या व्यापारी का
सिरोही. मंडार थाना पुलिस ने एक कार से करीब नौ करोड़ रुपए मूल्य के स्वर्णाभूषण बरामद किए हैं। फिलवक्त पुलिस यह बताने को तैयार नहीं है कि यह माल हवाला का है या किसी व्यापारी का। हां, इतना जरूर है कि कार सवार तीन युवकों को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना रहा कि व्यापारी का माल होगा तो कोई क्लेम करने आएगा और दस्तावेज दिखाने पर माल छोड़ दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मंडार में टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी के दौरान कार जीजे 01 डब्लूएच 2954 की जांच करने पर सीटों के पीछे सिस्टमनुमा बॉक्स दिखे। इसमें प्लास्टिक के कुल तेरह पैकेट मिले, जिनमें करीब 6.319 किलो सोने के जेवरात व 93550 रुपए नकदी मिली। इस सम्बंध में कार सवार युवकों के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। इस पर जेवरात व नकदी जब्त कर लिए।
सिरोही जिले के दो युवक भी शामिल
इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो जने सिरोही जिले के हैं। पुलिस ने कार चालक नायता (पाटन-गुजरात) निवासी मोहनभाई पुत्र गोवाभाई रेबारी, सिरोही में कालन्द्री थाना क्षेत्र के मोहब्बतनगर निवासी सुरेशकुमार पुत्र शंकरलाल घांची व दिलीप पुत्र रतीलाल घांची को गिरफ्तार कर लिया।
नजर नहीं आ रही लाखों की टैक्स चोरी
उधर, बताया जा रहा है कि गुजरात के बड़े व्यापारी अपना माल बेचने के लिए सेल्समैन राजस्थान भेजते हैं। अनुमान है कि यह इसी तरह का माल हो सकता है। चाहे जो हो, लेकिन यह तय है कि बगैर बिल करोड़ों रुपए के जेवरात इधर-उधर करने में कितना टैक्स चोरी हो रहा है इस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा। अनुमानित तौर पर नौ करोड़ के इस माल पर ही लगभग 25 से 27 लाख रुपए का टैक्स बनता है।



