ठेके के गोदाम से गुजरात के लिए भर ली सरकारी शराब

- वित्तीय वर्ष की अंतिम रात पुलिस के हाथ लगी ठेके की शराब
- जिले में एसपी बदलते ही मंडार पुलिस ने दिखाई सफलता
सिरोही. मंडार थाना पुलिस ने वित्तीय वर्ष की अंतिम रात को शराब से भरी एक लग्जरी कार जब्त की है। सरकारी ठेकों में बिकने वाला यह माल अवैध रूप से गुजरात जाने वाला था। गोदाम के पास शराब से भरी कार को जब्त कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिले में पुलिस कप्तान बदलने के बाद मंडार थाना पुलिस ने शराब तस्करी मामले में यह सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान एएसआई गणेशराम ने सोरडा में एक लग्जरी कार जीजे 16 सीएच 6100 की जांच की, जिसमें शराब के 29 कर्टन भरे मिले। शराब राजस्थान में बिक्री के लिए निर्मित था। पुलिस ने कार जब्त कर चालक मुकने का तला दुदु (धोरीमन्ना-बालोतरा) निवासी तेजाराम पुत्र अजाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया।
स्पष्ट है कि शराब जाती रही है
बताया जा रहा है कि पुलिस को यह कार सोरड़ा में शराब गोदाम के पीछे ही मिली थी। माना जा रहा है कि गोदाम से भरी शराब अवैध रूप से गुजरात जा रही थी। कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि गोदाम से शराब की खेप गुजरात जाती रही है। वैसे जब्ती कार्रवाई वित्तीय वर्ष की अंतिम रात में ही क्यों हुई यह आसानी से सोच सकते है।
समझ से परे है पुलिस की चुप्पी
मंडार के मैथीपुरा क्षेत्र से भी शराब तस्करी होती रही है। ठेकेदार व तस्करों के गठजोड़ से तस्करी का पूरा नेटवर्क चल रहा है पर पुलिस कार्रवाई नजर नहीं आई। कुछ माह पहले तत्कालीन एसपी की ज्वाइनिंग के दौरान जरूर एक बार मैथीपुरा के रास्ते से निकले वाहन पकड़ कर सफलता दर्शाई थी, लेकिन तस्करी बदस्तूर चलती रही। इन मामलों में पुलिस की चुप्पी समझ से परे है।
इसलिए माल खपाने की कोशिश
वित्तीय वर्ष की शुरुआत में नए ठेके आवंटित होने से पिछले ठेकेदार अपना माल खपाने की कोशिश में रहते हैं। लिहाजा यह भी इसी तरह का मामला हो सकता है। अंतिम दिन होने से ठेके के लिए उठाया गया माल बेचने की तैयारी थी, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। वैसे वास्तविकता क्या है यह जांच में ही सामने आ सकेगा।



