पेट्रोल पम्प पर खतरनाक स्टंट, डीजल से धोई कार

- वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
- जांच में सामने आया शिवगंज का मामला, दो गिरफ्तार
सिरोही. पेट्रोल पम्प पर डीजल से लग्जरी कार धोने का एक वीडियो सामने आया है। खतरनाक स्टंट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू की। मामला शिवगंज के समीप पालड़ी एम. का बताया जा रहा है। पुलिस ने दो जनों को गिरफ्तार कर लग्जरी वाहन को जब्त कर लिया।
शिनाख्तगी के बाद गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार पालड़ी एम में पेट्रोल पम्प पर डीजल से लग्जरी कार धोने का वीडियो सामने आया। इस खतरनाक स्टंट को देख पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की शिनाख्त करते हुए छीबागांव निवासी जेठुसिंह उर्फ महिपालसिंह उर्फ एमपीसिंह पुत्र भरतसिंह राजपूत व राड़बर निवासी श्रीपालसिंह पुत्र उम्मेदसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।
डीजल से कार धोई, हवालात की हवा खाई
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक पेट्रोल पम्प पर काले रंग की कार लेकर खड़ा है। साथ ही पम्प के पाइप से कार पर डीजल डाल रहा है। डीजल से लग्जरी कार धोकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई तथा युवक व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तारी
माना जा रहा है कि इस तरह के स्टंट से बड़ा हादसा भी हो सकता था। आग की घटना में न केवल पम्प बल्कि आसपास का पूरा क्षेत्र बड़ी आगजनी की चपेट में आ सकता था। इस तरह के स्टंट से जनता की जान भी जोखिम में रहती है। लिहाजा स्टंट करने वाले युवकों को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।



