- समस्याओं के समाधान को लेकर हाथों हाथ दिए निर्देश
- सफाई ठेकदार और कैंटीन संचालक पर लगाया जुर्माना
सिरोही. जिला कलेक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर रविवार को विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ जिले के भ्रमण पर रहे। सामने आई समस्याओं के निराकरण को लेकर हाथों हाथ निर्देश दिए।
वहीं, सिरोही शहर में सीवरेज, सफाई, अतिक्रमण, यातायात आदि को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। सफाई ठेकेदार व अन्नपूर्णा रसोई में अनियमितता नजर आने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान लोगों व व्यापारियों से भी बातचीत की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्याओं को लेकर चर्चा की तथा नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कहा कि जिले को स्वच्छ व सुंदर बनाने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाएं। अन्नपूर्णा रसोई में खाना खाया तथा खाने की गुणवत्ता, सफाई, रिकॉर्ड संधारण का अवलोकन किया। कोतवाली थाना, रैन बसेरा आदि का भी निरीक्षण किया।
पेनल्टी लगाने के निर्देश
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में प्वाइंट से कचरा नहीं उठाने पर संवेदक पर 20 हजार रुपए की पेनल्टी लगाने तथा पीडब्ल्यूडी ऑफिस के सामने अन्नपूर्णा रसोई में निर्धारित प्लेट्स में भोजन परोसना सुनिश्चित करने व संचालक पर 10 हजार रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
नियमित निरीक्षण के निर्देश
शहर में बगैर अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स, बैनर आदि हटाने, सफाईकर्मियों को को निर्धारित यूनिफॉर्म पहन कर कार्य करने, शौचालय की दिन में दो बार सफाई करने तथा आश्रय स्थल का रात्रिकालीन निरीक्षण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।



