
- बगैर वीडियोग्राफी लॉटरी निकाल चहेतों को प्रवेश देने का आरोप
सिरोही. जिला मुख्यालय पर शुरू हो रहे केंद्रीय विद्यालय के प्रवेशोत्सव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है। आरोप है कि प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन प्रवेशोत्सव में धांधली गई है। बगैर वीडियोग्राफी किए ही आवेदनों की लॉटरी प्रक्रिया कर दी गई। मनमर्जी से छात्रों को प्रवेश दिए जाने का विरोध जाते हुए इस प्रक्रिया को निरस्त कर वापस लॉटरी करवाए जाने एवं अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की मांग रखी है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपालसिंह चारण ने इस सम्बंध में जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर को ज्ञापन दिया है।
शुरुआत से पहले ही पारदर्शिता पर सवाल
केंद्रीय विद्यालय इस सत्र से शुरू करने की तैयारी चल रही है। ऐसे में इस तरह का आरोप इसकी पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। प्रवेशोत्सव में वीडियोग्राफी के बगैर आवेदनों की लॉटरी निकालना भी कार्य में धांधली दर्शाता है। माना जा रहा है कि इस तरह की प्रक्रिया अपनाने से चहेतों को आसानी से प्रवेश दिया जा सकता है।
फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई
बताया जा रहा है कि केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत को लेकर सांसद लुम्बाराम चौधरी काफी उत्साहित है। आगाज के दौरान वे यहां जायजा भी ले चुके हैं। इसके बाद भी स्कूल की शुरुआत में ही गड़बड़ी के आरोप लग गए। पूर्व मंडल अध्यक्ष ने इस सम्बंध में तत्काल ही सांसद को भी ज्ञापन दिया था, लेकिन दस दिन बाद भी न तो कोई कार्रवाई की गई और न लॉटरी प्रक्रिया निरस्त हुई।
प्रिंसीपल पर लगाया दुव्र्यवहार का आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाते हुए बताया है कि गत 17 अप्रेल को वे अपने परिचित के प्रवेश को लेकर केंद्रीय विद्यालय में जानकारी लेने गए थे। आवेदन ऑफलाइन जमा करवाया था। प्रवेश को लेकर जानकारी चाही गई तो प्रिंसीपल ने दुव्र्यवहार करते हुए कहा कि लिस्ट बाहर चस्पा कर रखी है। लॉटरी की पारदर्शिता के लिए वीडियोग्राफी का पूछा तो वे भडक़ गए। पूर्व मंडल अध्यक्ष ने लॉटरी प्रक्रिया में धांधली की आशंका जताई है।
नियमों के तहत लॉटरी हुई…
धांधली जैसी कोई बात नहीं है। पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत सम्पन्न करवाई गई है। लॉटरी प्रक्रिया निर्धारित कमेटी की मौजूदगी में की थी तथा इसमें पूरी पारदर्शिता रखी गई है। लॉटरी के बाद जो लिस्ट आती है उसकी पीडीएफ चस्पा कर देते हैं।
- हसीब खान, प्रिंसीपल, केंद्रीय विद्यालय, सिरोही



