संत के इशारे पर संत की हत्या, आरोपी संत समेत दो गिरफ्तार
- सावन माह में विवाद के बाद हुई थी रंजिश, बदले के लिए हत्या
सिरोही. शिवगंज थाना क्षेत्र के धु्रबाणा गांव स्थित महादेव मंदिर में संत की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सावन मास में किसी बात को लेकर उनका दूसरे संत के साथ विवाद हुआ था। इसी रंजिश में संत ने बदला लेते हुए अपने साथियों को भेजकर उनकी हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी संत व उसके साथी को पकड़ लिया। वहीं, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार धु्रबाणा (शिवगंज) स्थित कब्बेश्वर महादेव मंदिर के संत त्रिवेणीगिरी व कोठार (पाली) चेतन बाला हनुमान मंदिर के संत तुलसीगिरी के बीच गुरु के पोस्टर लगाने व गादी समेत अन्य मसलों पर विवाद हुआ था। तुलसीगिरी ने इस विवाद की रंजिश रखते हुए बदला लेने की योजना बनाई। फिर अपने दो साथियों को मंदिर भेजा तथा संत त्रिवेणीगिरी की हत्या करवा दी।
आरोपियों को बाइक पर पहुंचाने गया
पुलिस के अनुसार आरोपी तुलसीगिरी के आश्रम पर रहने वाला श्रवणकुमार गमेती आसपास के क्षेत्र में मजदूरी करता था। करीब सात-आठ वर्षों से वह आश्रम में ही रहता था। विवाद के बाद तुलसीगिरी ने बदले के लिए 29 सितम्बर को मोटरसाइकिल लेकर सुमेरपुर आया और श्रवणकुमार व उसके साथी को अंदर के रास्तों से काना कोलर गेट से पहले कब्बेश्वर मंदिर जाने के लिए छोडक़र चला गया। आरोपी श्रवणकुमारव उसके साथी ने मंदिर में बने आश्रम के ऊपर रात्रि में संत त्रिवेणीगिरी की सोते समय हत्या कर दी। आरोपियों ने आश्रम के कमरेे में सामान की तलाशी ली तथा जो मिला वह लेकर फरार हो गए।
मामला खुलता या अनसुलझा ही रह जाता
संत की मृत्यु के बाद पुलिस ने प्रथमदृष्टया इसे हत्या मानने से ही इनकार कर दिया था। संत समाज की ओर से प्रदर्शन किए जाने पर अधिकारियों ने समझाइश की, लकिन संत समाज ने स्पष्ट चेताया कि जल्द ही खुलासा नहीं किया गया तो उग्र ओदोलन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने मामले का पटाक्षेप करते हुए दो जनों को गिरफ्तार कर लिया। अब यह सवाल मुंहबाए खड़ा है कि संतों का आंदोलन नहीं होता तो क्या पुलिस इस हत्या मामले का खुलासा करती या मामला यूं ही अनसुलझी फाइल में दफन हो जाता। पुलिस ने मामले में कोठार (नाना-सुमेरपुर-पाली) हाल कोलीवाड़ा निवासी तोलाराम उर्फ तुलसीगिरी पुत्र बिजाराम चेला हरीगिरी व निचला थला ढेडमारीया (कोटड़ा-उदयपुर) निवासी श्रवणकुमार पुत्र करमाराम गमेती को गिरफ्तार कर लिया।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार सिवेरा भंवरी गुफा हाल सिरोही वैद्यनाथ महादेव मंदिर के पागल गिरी उर्फ पागल बाबा चेला दीपकगिरी महाराज ने रिपोर्ट देकर बताया था कि उनके गुरुभाई त्रिवेणीगिरी दो-तीन वर्षों से कब्बेश्वर महादेव मंदिर में निवासरत थे। उनका शव मिलने के बाद मामले की जानकारी हुई। शव दो-तीन दिन पुराना होने से खराब हो रहा था। कमरे में सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।



