ट्रक चालक दो करोड़ लेकर जा रहा था तो डेढ़ करोड़ ही क्यों चुराए
- लाखों रुपए चोरी के खुलासे वाली पुलिस की दो कहानियां
- पुलिस कह रही पूछताछ की और रिपोर्ट में ट्रक छोड़ चला गया
सिरोही. आबूरोड रीको थाना क्षेत्र में ट्रक से संदिग्ध हाल में मिले 52 लाख रुपए मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आबूरोड की फैक्ट्री से इस ट्रक में चालक के हाथ करीब दो करोड़ रुपए किसी के पास भेजे जा रहे थे, लेकिन चालक ने अपने दो साथियों के साथ डेढ़ करोड़ रुपए पार कर लिए। पुलिस ने मावल के समीप इस ट्रक को पकड़ कर इसमें से 52 लाख रुपए बरामद किए। अब पुलिस ने इससे आगे की कड़ी जोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से इसी ट्रक से चोरी हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपए बरामद किए गए है। पुलिस अब इस मामले को चौबीस घंटे में खोल देने का दावा करते हुए अपनी पीठ थपाथपा रही है। हालांकि राशि बरामदगी और दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही मामले का खुलासा भी हो गया, लेकिन एक दिन पहले ट्रक चालक के पास से 52 लाख रुपए बरामद करने का दावा किया जा रहा था उस चालक का अभी तक अता-पता नहीं है। उसकी फरारी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उस दरम्यान राशि संदिग्ध होने से चालक से पूछताछ की गई थी, लेकिन कोई दस्तावेज या बिल नहीं मिलने पर राशि जब्त कर ली थी। इधर, फैक्ट्री मैनेजर की ओर से पुलिस में दर्ज कराई सूचना रिपोर्ट में दर्शाया है कि चालक मावल चौकी पर जांच के दौरान चालक ट्रक छोडक़र चला गया। अब यह सवाल मुंहबाए खड़ा है कि एक दिन पहले पुलिस ने जिस चालक से पूछताछ की थी वह कौन था और ट्रक से 52 लाख रुपए मिले तो उस चालक को ऐसे ही किस तरह जाने दिया गया कि अगले ही दिन पुलिस ने उसके साथी तो दबोच लिए, लेकिन उसकी सरगर्मी से तलाश करनी पड़ रही है। सवाल तो यह भी कि जब साथियों के हाथ डेढ़ करोड़ रुपए पार करवा लिए तो 52 लाख रुपए ट्रक में लेकर क्यों जा रहा था।
मैनेजर ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई
इसी तरह 15 अक्टूबर को ही फैक्ट्री मैनेजर भरतभाई ने रिपोर्ट देकर बताया कि 14 अक्टूबर को ट्रक में पशु आहार के कट्टे देकर गांधीनगर आबूरोड निवासी चालक बंटी गहलोत पुत्र कादरभाई को ऊंझा भेजा था। वहां से माल खरीदने के लिए उसके साथ दो करोड़ रुपए भी भेजे थे। मावल चौकी पर पुलिस की ओर से जांच करने पर चालक बंटी ट्रक छोडक़र चला गया। पुलिस ने ट्रक से 52 लाख पचास हजार रुपए जब्त किए। शेष एक करोड़ 47 लाख पचास हजार रुपए बंटी व उसके साथी चोरी कर फरार हो गए।
इस तरह पकड़े 52 लाख रुपए
पुलिस ने 15 अक्टूबर को मावल चौकी पर एक ट्रक जीजे 8 एयू 7101 को रूकवाया। चालक से पूछताछ करने पर उसने आबूरोड की ज्योत फैक्ट्री से पशु आहार के कट्टे ले जाना बताया। तलाशी लेने पर ट्रक से 52 लाख 50 हजार रुपए बगैर दस्तावेज या बिना बिल के मिले। राशि संदिग्ध होने से जब्त कर ली तथा जांच शुरू की गई।
अब चालक की तलाश चल रही
उधर, पुलिस के अनुसार प्रकरण दर्ज करनेके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम गठित कर ज्योत फैक्ट्री से ट्रक रवाना होकर निकलने वाले रास्तों पर तकनीकी आधार पर जांच की गई। मामले में आरोपियों को ट्रेस करते हुए पुलिस ने आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में थानाफली निचलागढ़ निवासी सलमान पुत्र साहदुलाखान पठान व इलियास पुत्र हयुमखान पठान को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से एक करोड़ 35 लाख रुपए बरामद किए गए। आरोपी बंटी गहलोत की तलाश की जा रही है।
अनसुलझे सवाल
- आरोपियों ने मालिक के डेढ़ करोड़ ही पार क्यों किए और 52 लाख लेकर क्यों जा रहा था
- पुलिस ने रोककर पूछताछ की इसके बाद राशि जब्त की तो चालक को जाने क्यों दिया
- बड़ी राशि जब्त की थी तो दस्तावेज या बिल आने तक चालक को रोककर क्यों नहीं रखा
- चालक ट्रक छोडक़र ही चला गया था तो पुलिस पूछताछ में लोकल होना कैसे बताया
- चालक को ट्रक छोडक़र ही जाना था तो डेढ़ करोड़ के साथ 52 लाख रुपए लेकर क्यों नहीं गया
राशि बरामद की थी…
कल राशि बरामद की गई थी, लेकिन गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं थी। वैसे इस बारे में थानाधिकारी से बात कीजिए तो पूरी जानकारी मिल सकेगी।
- अजेयसिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक, सिरोही



