- जीत के बाद आभार जताते हुए भावुकता में आंखें भर आई
- सिरोही में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस ने गुमानसिंह को बनाया प्रमुख
सिरोही. जिला प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता गुमानसिंह देवड़ा पर भरोसा जताया। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा व कांग्रेस पर्यवेक्षक मनीषा पंवार ने बुधवार सुबह आवेदन जमा कराते समय इस नाम पर मुहर लगाई। अप्रत्याशित रूप से यह नाम सामने आते ही सब चौंक गए। यही कारण रहा कि नवनिर्वाचित जिला प्रमुख स्वयं भी जीत के बाद भावुक हो गए तथा आंखें तक नम हो गई। पूर्व विधायक ने उन्हें गले लगाते हुए स्नेह जताया। वहीं, जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने जब नवनिर्वाचित प्रमुख को माला पहनानी चाही तो उन्होंने वह माला हाथ में लेकर पूर्व विधायक के गले में डाल दी। इन दो दृश्यों को देखकर नवनिर्वाचित प्रमुख की भावुकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वैसे प्रमुख कौन बनेगा इसे लेकर किसी को भी कतई गुमान न था पर संयम रखा तो संयम ने स्नेह से गुमान को ही आगे कर दिया।
अपने सभी मतों को कब्जे में रखा
सिरोही में कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत था। कुल 27 में से 22 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। वहीं, 5 सीटें भाजपा के पास है। कांग्रेस ने जिला प्रमुख के लिए गुमानसिंह देवड़ा का नाम आगे किया। वहीं, भाजपा के गंगासिंह ने भी आवेदन जमा कराया। मतदान के बाद कांग्रेस के गुमानसिंह को जिला प्रमुख निर्वाचित किया गया। उन्हें कांग्रेस के सभी 22 मत मिले, वहीं, भाजपा प्रत्याशी गंगासिंह ने भाजपा के सभी 5 मत हासिल किए।

नामों में ग से शुरुआत का अजब संयोग
यह भी दिलचस्प ही रहा कि दोनों ही दलों ने कालन्द्री क्षेत्र से आने वाले प्रत्याशियों पर भरोसा जताया। कांग्रेस के गुमानसिंह देवड़ा कालन्द्री क्षेत्र में मेर मांडवाड़ा के निवासी है। वहीं, भाजपा के गंगासिंह भी कालन्द्री से ही आते हैं। दोनों के नाम का पहला अक्षर भी ग से ही शुरू होता है। वैसे इनके प्रतिद्वंद्वियों के नाम भी ग से ही शुरू होते हैं। भाजपा के गंगासिंह कांग्रेस के गुमानसिंह को हराकर जिला परिषद पहुंचे हैं तो गुमानसिंह भाजपा के गणपतसिंह को हराकर सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
तब भी राजपूत नेता थे, वापसी राजपूत नेता के साथ ही
कांग्रेस ने जिला परिषद में एक दशक बाद वापसी की है। भाजपा ने जब जिला प्रमुख का पद हासिल किया तब अंतिम बार राजपूत नेता ही यहां काबिज थे। अब कांग्रेस राजपूत नेता को जिला प्रमुख बनाकर जिला परिषद में वापसी की है। उस समय कांग्रेस के चंदनसिंह देवड़ा जिला प्रमुख बने थे। इसके बाद दो बार भाजपा काबिज रही। अब कांग्रेस ने वापसी करते हुए गुमानसिंह देवड़ा को प्रमुख पद पर आसीन किया है। बीच के इन दो कार्यकालों में कांग्रेस के पास सदस्यों का दहाई का आंकड़ा भी नहीं था। धमाकेदार वापसी ने पंचायतराज संस्थाओं में कांग्रेस को संजीवनी प्रदान की है।



