सिरोहीrajasthansirohiराजस्थान

आबू में पारा माइनस पर, ठंड ने पकड़ा जोर

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में जताई मावठ की संभावना
  • बादलों की ओट में रहे सूर्य, हवा चलने से कंपकंपाया सिरोही

सिरोही. सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। तेज ठंड में लोगों की कंपकंपी छूट रही है। वहीं, प्रदेश का पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू ठिठुर रहा है। आबू में दो दिनों से पारा माइनस में चल रहा है।
ठंड से बचाव के लिए लोग घरों से बाहर तक नहीं निकल रहे। लोग दिनभर गर्म लबादों में लिपटे नजर आए। खुले में रहने वाले लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। उधर, तेज हवा चलती रहने से लोगों की मुसीबत बढ़ती रही। अलसुबह से दिनचर्या शुरू करने वाले लोगों को धुंध के बीच भारी समस्या झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में मावठ की संभावना भी जताई है।

लुढक़ रहा तापमान, शीतलहर चलेगी
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री व अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आगामी 48 घंटे तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के शेखावाटी व उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं शीतलहर की भी संभावना है।

हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना
वहीं, एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 26 व 27 जनवरी को सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में 26 जनवरी को दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी को तंत्र का सर्वाधिक असर रहने से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा व अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन एवं बिजली की चमक के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की भी प्रबल संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button