
- सत्ता सुख भोग रहे भाजपा ने बंद कर दिया जिला कार्यालय
- कांग्रेस नेताओं को भी मयस्सर नहीं है सिरोही में कार्यालय
सिरोही. यह कहने को जिला मुख्यालय है पर राजनीतिक दलों के पास अपना कोई कार्यालय तक नहीं है। केंद्र से लेकर राज्य तक में सत्तासीन भाजपा का जिला कार्यालय कब का बंद हो चुका है। यहीं स्थिति कांग्रेस की भी है। जिला मुख्यालय पर इनका भी कोई कार्यालय नहीं है। जाहिर सही बात है जब कार्यालय ही नहीं है तो राष्ट्रीय पर्व भी कैसे मनाते होंगे। दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को कोई बात रखनी हो या समस्या समाधान के लिए जिलाध्यक्ष से मिलना हो तो सिरोही मुख्यालय पर कोई जरिया नहीं है।
जनप्रतिनिधियों के कार्यालय पर कार्यक्रम की मजबूरी
कार्यालय के बगैर राष्ट्रीय पर्व पर भी पदाधिकारी अपनी छत पर ध्वज नहीं फहरा पाते। ऐसे में जिला मुख्यालय पर जनप्रतिनिधियों के कार्यालय पर कार्यक्रम करने की मजबूरी रहती है। भाजपा ने इस बार गणतंत्र दिवस समारोह राज्यमंत्री के कार्यालय पर मनाया।
चुनाव के बाद सामान समेट कर ले गए
बताया जा रहा है कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के दौरान जिला मुख्यालय पर अपना कार्यालय स्थापित किया था। इसके बाद सामान समेट कर ले गए। चुनाव के बाद से यहां भाजपा का जिला कार्यालय नहीं है। डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद कार्यकर्ताओं के लिए कोई कार्यालय नहीं होना विड़म्बना ही है।
कांग्रेस ने कार्यालय स्थापित ही नहीं किया
कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर अपना कार्यालय स्थापित ही नहीं किया। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस गणतंत्र दिवस पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होने का मलाल रहा। कुछ पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर इस सम्बंध में जिलाध्यक्ष आनंद जोशी बताते हैं कि रेवदर में उनका कार्यालय है, वहीं पर ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
रेवदर से चल रहे भाजपा और कांग्रेस
यह भी दिलचस्प ही है कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के जिला कार्यालय रेवदर विधानसभा क्षेत्र से संचालित हो रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जहां रेवदर मुख्यालय से आते हैं और वे वहीं से संगठन चला रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष आबूरोड शहर से आते हैं और वे भी वहीं से संगठन को हैंडल कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रेवदर व आबूरोड शहर दोनों ही रेवदर विधानसभा का हिस्सा है।
इनका कहना हैं…
जिला मुख्यालय पर लोकसभा चुनाव के बाद कार्यालय बंद कर दिया था। ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम स्थानीय विधायक के कार्यालय पर आयोजित किए जाते हैं।
- सुरेश कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष, सिरोही
हमने रेवदर में जिला कार्यालय खोल रखा है और वहीं से चला रहे हैं। ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम भी यहीं पर आयोजित किए जाते हैं।
- आनंद जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, सिरोही