
- नेटवर्क की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद
- बीएसएनएल लगा रहा टॉवर, लम्बे समय से अटका था कार्य
सिरोही. शिवगंज तहसील के तलेटा गांव में जल्द ही नेटवर्क की समस्या से निजात मिलेगी। बीएसएनएल की ओर से यहां मोबाइल नेटवर्क टॉवर लगाने का कार्य शुरू किया गया है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर सांसद लुम्बाराम चौधरी ने इसके लिए प्रयास शुरू किए। दिशा कमेटी की बैठक में भी लगातार फॉलोअप लिए गए। इसके बाद शिवगंज क्षेत्र में कुल तीन टॉवर स्वीकृत कराए गए। इनमें से मोछाल, केराल व तलेटा गांव शामिल है। प्रथम चरण में तलेटा गांव में टॉवर लगाना शुरू किया गया है। मोछाल व केराल में भी जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने खुशी जताई
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में टॉवर नहीं होने मोबाइल नेटवर्क को लेकर समस्या आ रही थी। इसके लिए लगातार पत्राचार किया गया, लेकिन समाधान नहीं हो पाया। अब स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू हुआ है, जिससे ग्रामीणों ने खुशी जताई है। साथ ही प्रधान ललिताकंवर व प्रतिनिधि विशनसिंह देवड़ा का आभार जताया।



