तस्करी के लिए ग्रेनाइट स्लेब के बीच गुप्त खानों में छुपाई शराब
- ठेकों से उठाई शराब अवैध रूप से भेजी जा रही गुजरात
- आबकारी महकमे की मौन स्वीकृति में शराब तस्करी
सिरोही. सरकारी ठेकों के नाम से उठाई शराब को सीधे गुजरात भेजा जा रहा है। आबूरोड रीको थाना क्षेत्र के मावल में एक ट्रक से शराब की बड़ी खेप जब्त की गई है। साथ ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के अनुसार मावल में जांच के दौरान ग्रेनाइट से भरे एक ट्रक को रूकवाया गया। संदेह के आधार पर गहन जांच करने पर ग्रेनाइट के बीच में बने गुप्त खानों में शराब के 150 कर्टन मिले। पुलिस ने यह खेप बरामद कर ट्रक चालक कपूरड़ी (barmer) निवासी दिलीप चौधरी पुत्र लाखाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब राजस्थान में बेचने के लिए निर्मित है।
आबकारी महकमे की नजरे इनायत
अवैध रूप से चल रहे इस कारोबार पर आबकारी विभाग (ecxise department) ने नजरे इनायत कर रखी है। यही कारण है कि न केवल ठेकों से भारी मात्रा में शराब उठ रही है वरन् गुजरात (gujrat) के लिए रवाना भी हो जाती है। मावल में ठेठ बॉर्डर पर यदि शराब की यह खेप पुलिस के हाथ नहीं लगती तो सीधे गुजरात में आपूर्ति हो जाती।
मौन स्वीकृति में हो रही शराब तस्करी
बताया जा रहा है कि बॉर्डर से सटे आबूरोड (aburoad) व मंडार (mandar) क्षेत्र के कई गावों में चल रहे शराब ठेकों से सालाना करोड़ों रुपए का राजस्व मिल रहा है, लेकिन इन ठेकों के आसपास क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर इतनी भारी मात्रा में शराब उठ ही नहीं सकती। लिहाजा ठेकेदार इस शराब को गुजरात के लिए रवाना करते हैं। ठेकों के नाम से उठ रही शराब को लगातार अवैध रूप से गुजरात भेजे जाने के बावजूद आबकारी महकमा मौन साधे बैठा है।



