
- सिरोही जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर को एक और पुरस्कार
- आईएएस तोमर कम समय में ही ले चुके हैं राज्यस्तरीय चार अवार्ड
सिरोही. देश में प्रदेश का मान बढ़ाने वाले नौ लोक सेवकों को जयपुर एचसीएम रीपा में सम्मानित किया गया। लोक सेवा दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित समारोह में आईएएस रोहिताश्वसिंह तोमर को भी पुरस्कृत किया गया है। कम समय में ही उन्हें यह चौथा राज्यस्तरीय पुरस्कार मिला है। आईएएस तोमर इससे पहले विभिन्न कैटेगरी में राज्यस्तरीय तीन अवार्ड ले चुके हैं। अभी सिरोही में जिला कलक्टर पदस्थापित आईएएस तोमर को बारां में जिला कलक्टर रहते हुए फ्लेगशिप योजनाओं के सफलतम क्रियान्वयन को लेकर सीएम एक्सीलेंस पुरस्कार से नवाजा गया है। बारां में लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने में उत्कृष्ट कार्य कर चुके हैं।
प्रदेश 25 योजनाओं में अग्रणी स्थान पर
समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मिशन कर्मयोगी की शुरुआत की है। इस मिशन के माध्यम से सभी लोक सेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर लोक कल्याणकारी शासन में अपना बेहतर योगदान दे रहे हैं। लोक सेवकों के सतत प्रयास एवं निरंतर मॉनिटरिंग से प्रदेश ग्यारह योजनाओं में देश में प्रथम स्थान पर, पांच योजनाओं में द्वितीय व नौ योजनाओं में तीसरे स्थान पर है।

इन अधिकारियों को किया पुरस्कृत
समारोह में मुख्यमंत्री ने शासन श्रेणी में सुश्री आरती डोगरा व सिद्धार्थ महाजन, फ्लेगशिप योजना श्रेणी में डॉ.खुशाल यादव, रोहिताश्वसिंह तोमर व राजीव तोमर, नवाचार श्रेणी में कृष्ण कुणाल, श्रीमती गायत्री राठौड़ व नकाते शिवप्रसाद मदन एवं पी.बालामुरूगन को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
आईएएस को मिल चुके हैं ये पुरस्कार
सीएम एक्सीलेंस पुरस्कार पाने वाले आईएएस रोहिताश्वसिंह तोमर को उल्लेखनीय कार्यों के लिए पहले भी तीन राज्य स्तरीय अवार्ड मिल चुके हैं। इसमें विशेष रूप से अक्षम व्यक्तियों के सशक्तीकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने, राज्य सेवा में सराहनीय योगदान तथा बारां में जिला कलक्टर के रूप में कर्तव्यों का कुशल निर्वहन करने एवं बारां में जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार शामिल है। वर्ष 2024-25 के लिए जिला कलक्टर के रूप में परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यस्तरीय प्रशंसा पत्र भी मिल चुका है।



