एटीएस बन युवक को होटल से उठाया, डेढ़ लाख लेकर छोड़ा
- लेन-देन की रंजिश में युवक का अपहरण, मामला दर्ज
सिरोही. लेने-देन में रंजिश को लेकर युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। माउंट आबू में होटल से युवक को अपहरण कर ले गए। बाद में डेढ़ लाख रुपए देकर उसे छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मंडवारिया (बरलूट) निवासी झालाराम पुत्र कसनाराम रबारी ने रिपोर्ट देकर बताया कि 10 जून को वह माउंट आबू की एक होटल में ठहरा हुआ था। इस दौरान रात को वहां आए युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने भूतगांव निवासी खुशवंत रावल पुत्र दिलीपभाई व मनादर निवासी राजूभाई रावल समेत अन्यों को वीडियो कॉल से उसे दिखाया तथा ले गए। साथी चिमनभाई को भी उसके साथ ही अपहरण किया। बाड़मेर के किसी गांव में ले जाकर धमकियां दी तथा धोरों में घूमाया। बाद में डेढ़ लाख रुपए देने पर उसे भारत माला रोड पर एक होटल के पास गाड़ी समेत छोड़ दिया। अपहरण करने वालों में जगमाल समेत पांच लोग बताए गए हैं।
युवकों ने बताया एटीएस से आए हैं
आरोप है कि अपहरण करने वाले युवकों ने उसे धमकाया कि वे लोग जयपुर एटीएस से आए हैं। अपहरण के दौरान उसे धमकाया गया कि तेरे 98 लाख रुपए मांग रहे हैं वे दे दें, नहीं तो यह तेरी जिंदगी की आखिरी रात होगी। बताया कि खुशवंत रावल में पुराना लेन-देन था। उसके हिसाब से खुशवंत 20 लाख रुपए मांगता था, जबकि वह 98 लाख रुपए लेना चाहता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।



