
- सांसद ने दिया आसमान की ऊंचाइयां छूने का संदेश
- सिरोही में नव स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय का प्रवेशोत्सव
सिरोही. सांसद लुम्बाराम चौधरी ने छात्रों को शिक्षा क्षेत्र में आसमान की ऊंचाइयां छूने का संदेश दिया है। ग्रुप फोटो में एक छात्र को कंधे पर बैठाते हुए अपने सिर से भी ऊंचा उठाया। उनका संदेश था कि जिस तरह सांसद ने उन्हें ऊंचाई देने का प्रयास किया है वे भी अपने जीवन काल में सिरोही को ऐसी ही ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करें। इस फोटो के जरिए वे छात्रों को जीवन में नीत नई ऊंचाइयां छूने का संदेश देते नजर आए। यह भी झलकता रहा कि आज मैं आपको ऊपर उठा रहा हूं कल आप भी सिरोही को हर क्षेत्र में ऊपर उठाना। यह नजारा गुरुवार को नव स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय (केवी) के प्रवेशोत्सव पर नजर आया। सांसद ने नवप्रवेशित छात्रों के तिलक लगाया एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मील का पत्थर साबित होगा केवी
कार्यक्रम में सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि देशभर में शिक्षा के ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। केवी की स्थापना से जिले के बच्चों का उच्चस्तरीय शिक्षा प्राप्त करने का सपना साकार होगा। यह केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं वरन् विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास व भविष्य में वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उल्लेखनीय है कि सांसद के प्रयासों से जिला मुख्यालय पर इस केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृति मिली है।
नई जगह जल्द ही बनेगा नया भवन
उधर, सांसद ने बताया कि फिलवक्त पुराना भवन स्कूल परिसर में इसकी शुरुआत की गई है। इसके लिए कई सुविधाएं भी मुहैया कराई गई है। वहीं, केवी के लिए भूमि आवंटित हो चुकी है। जल्द ही नई जगह भवन निर्माण के लिए बजट लाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्रसिंह चौहान, जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़, प्राचार्य अब्दुल हसीब खान ने भी विचार व्यक्त किए। पूर्व सभापति ताराराम माली, नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल, बाबूसिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।



