आबूरोड में मिले बांग्लादेशी घुसपैठिए, तीन युवतियां दस्तियाब

- अवैध रूप से भारत में घुसी कुल सात युवतियां आई पकड़ में
सिरोही. गुजरात से सटे आबूरोड शहर एवं आसपास के क्षेत्र में बांग्लादेशी युवतियों के मिलने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। रीको थाना क्षेत्र के चंद्रावती इलाके से पुलिस ने तीन और बांग्लादेशी युवतियों को दस्तियाब किया है। पुलिस अभी तक कुल सात युवतियों को पकड़ चुकी है।
पुलिस के अनुसार चंद्रावती के एक मकान में तीन संदिग्ध युवतियों की सूचना मिलने पर दबिश दी गई। यहां से किरीयानिगंज (ढाका-बांग्लादेश) निवासी सोनिया अख्तर पुत्री रिजा डल कोरी, नारायनगंज (कोतुल्ला-ढाका-बांग्लादेश) निवासी रजिया पुत्री कासिम सरकार व बोगांव (जिला दिग-आसाम) निवासी फरीया खातुन पुत्री फारूख को दस्तियाब किया गया। उधर, सूचना मिलते ही अन्य जांच एजेंसियां भी सतर्क हो गई। इसके बाद पुलिस ने जिला विशेष शाखा टीम ने भी पूछताछ की। इनसे कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सालभर पहले अवैध रूप से भारत में घुसपैठ की थी।
फर्जी निकले भारतीय दस्तावेज
बताया जा रहा है कि एक युवती के पास भारतीय दस्तावेज भी मिले हैं। वैसे जांच के दौरान ये दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। इनके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट मिलना बताया जा रहा है। अवैध बांग्लादेशी युवतियों को बांग्लादेश प्रत्यावर्तन करने के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गत 13 जुलाई को आबूरोड क्षेत्र में ही दो एवं 3 अगस्त व 8 अगस्त को एक-एक अवैध बांग्लादेशी युवतियों को दस्तियाब किया जा चुका है।



