- मार्ग में गोवंश से बचते दिखे बगैर हेलमेट के बाइकर्स
- भाजपा की तिरंगा यात्रा में नजर आए कई रंग
सिरोही. भाजपा की ओर से रविवार को निकाली तिरंगा यात्रा में कई नए रंग देखने को मिले। वाहन रैली में बाइक सवार बगैर हेलमेट नजर आए तो मार्ग में गोमाता से बचते हुए भारत माता के जयकारे लगाए गए। शहर में रामझरोखा मैदान से शहीद स्मारक तक निकाली वाहन रैली में अधिकतर सवार हेलमेट के बगैर सवारी करते दिखे। यातायात नियमों का पूरी तरह उल्लंघन था, लेकिन पुलिस भी आखिर क्या करे। हां, यातायात पुलिस इस रैली के आगे व्यवस्थाओं की बहाली के लिए जरूर तैनात रही। इसी तरह कई जगह बीच मार्ग में ही गोवंश घूमता रहा। तिरंगा यात्रा इनसे बचते हुए निकलती रही। गोमाता को नजरंदाज करते हुए भारत माता के जयकारे भी गुंजायमान रहे।
देशभक्ति का पाठ पढ़ाया और तंज भी कसा
रामझरोखा मैदान में यात्रा के आगाज पर आयोजित सभा के दौरान राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने देशभक्ति का पाठ पढ़ाया। साथ ही कुछ समय से चल रहे विवादों को लेकर भी तंज कसा कि कुछ बड़बोले लोग गुमराह कर रहे हैं इसका समय आने पर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य के लिए पंद्रह सौ करोड़ रुपए लाए है। इसके लिए चश्मा बदलकर देखने की आवश्यकता जताई। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा का समापन किया गया।

गुंजायमान रहे भारत माता के जयकारे
भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे व वंदे मातरम् के जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। सभा में जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, जिला संयोजक गणपतसिंह राठौड़, जिला प्रमुख अर्जुनराम समेत अतिथियों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घर पर झंडा लगाने का कार्यक्रम नहीं है यह देशभक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को सशक्त करना और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की बलिदान को याद करना है। यह हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और सेवा का अवसर है। इस दौरान प्रदेश सदस्य नारायण देवासी, प्रधान हसमुख मेघवाल, जिला उपाध्यक्ष ताराराम माली, छगन घांची, हेमलता पुरोहित, विशनसिंह देवड़ा, दिलीपसिंह, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, नगर अध्यक्ष चिराग रावल समेत कई लोग मौजूद रहे।



