सिरोहीpoliticsrajasthansirohiराजनीतिराजस्थान

आरोप-प्रत्यारोप के लिहाज से तो स्पष्ट है दूध का धुला कोई नहीं

  • जनता में शहरी सरकार चुनने का दिख रहा पूरा उल्लास

सिरोही. शहर में शुक्रवार को होने वाले निकाय चुनाव को देखते हुए लोगों में उल्लास है। प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसम्पर्क में जुटे हुए हैं।
वैसे सत्ता का ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो पता नहीं पर पिछले कुछ दिनों से चुनाव प्रचार के दौरान प्रमुख राजनीतिक दलों ने आरोप-प्रत्यारोप लगाने में कोई कसर नहीं रखी।

आरोपों के लिहाज से तो स्पष्ट हो जाता है कि दूध का धुला कोई नहीं है। किसी पर रामझरोखा मंदिर की भूमि पर पट्टे बनवाने के आरोप है तो किसी पर महामंदिर की भूमि बेचान के आरोप। पार्टी में पदों पर शराब व्यवसाई बैठे हैं यह दोनों दलों पर लागू हो रहा है। गत कांग्रेस बोर्ड के दौरान शहर में गड्ढों की भराई नहीं की गई एवं लोग परेशान रहे तो बोर्ड भंग होने के डेढ़ साल बाद भी शहर में स्थिति जस की तस ही है। जबकि, राज्य में भाजपा सत्तासीन है और प्रशासक नियुक्त है।

विधायक पुत्रों पर टैक्स के नाम से वसूली के आरोप वहां से लग रहे हैं तो यहां से भी पूरा जवाब दिया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने जब पूर्व विधायक पर आरोप लगाए तो जवाब आया कि सत्ताकाल में उनके पति भी अपना काम निकलवाने के लिए उन्हीं के पास आते रहे हैं। खैर चाहे जो हो, लेकिन जनता में शहरी सरकार चुनने का पूरा उल्लास दिख रहा है।

कुल 34 वार्डों में होगा मतदान
निकायों में शुक्रवार को होने वाले द्वितीय चरण के चुनाव में सिरोही नगर परिषद भी शामिल है। शहर में कुल 35 वार्डों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिसमें से वार्ड- 10 से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीत चुकी हैं। शेष 34 वार्डों के लिए मतदान किया जाएगा। चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वहीं, प्रत्याशी भी जी-जान से जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button