दलाल ने दो लाख ले शादी करवाई, दुल्हन आधी रात को भाग गई

- दूल्हे की भाभी ने दलाल से मांगे पैसे तो मिल रही जान से मारने की धमकी
अजमेर. दलाल ने दो लाख रुपए लेकर युवक की शादी करवाई, लेकिन दुल्हन आधी रात को भाग गई। अब दलाल पैसे लौटाने से इनकार कर रहा है। वहीं, जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही है। मामला मांगलियावास थाना क्षेत्र का है। शादी कराने के लिए दलाल ने कुल दो लाख रुपए हड़पे तथा देवर के साथ दुल्हन को लेकर आया, लेकिन दुल्हन आधी रात को भाग गई। अब दलाल पैसे नहीं लौटा रहा है। पीडि़त युवक की भाभी ने इस सम्बंध में पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया है।
पहले लड़की दिखाई, फिर शादी करवाई
पुलिस के अनुसार ल्यालीखेड़ा- मांगलियावास निवासी अनिता देवी ने रिपोर्ट देकर बताया कि करीब तीन माह पहले लामाना निवासी दलाल ओमप्रकाश उसके घर आया तथा देवर ओमप्रकाश पुत्र पन्नालाल की शादी करवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दलाल ने एक लाख रुपए अलग-अलग खातों में डलवाए तथा लड़की दिखाने के बहाने देवर को अपने साथ ले गया। पखवाड़ेभर बाद उसे वापस गांव छोड़ दिया।
रात करीब बारह बजे कहीं चली गई
शादी तय होने के बाद दलाल ने एक लाख रुपए और लिए। इसके बाद देवर को लेकर बिहार चला गया तथा गत 9 दिसम्बर को वह देवर एवं दुल्हन के साथ वापस आया। बहू को संभलवाने के बाद दलाल चला गया, लेकिन रात करीब बारह बजे वह दुल्हन घर से कहीं चली गई तथा तलाश करने पर भी नहीं मिली।
अब मुकर गया दलाल
पीडि़त ने इस सम्बंध में दलाल ओमप्रकाश को जानकारी दी। इस पर उसने पैसे वापस दिलवाने की बात कही, लेकिन अब वह पैसे लौटाने से मना कर रहा है। जान से मारने की धमकियां दे रहा है सो अलग। पुलिस ने दलाल ओमप्रकाश के खिलाफ धोखाधड़ी कर दो लाख रुपए हड़पने का मामला दर्ज किया है।#ajmer. broker got married with two lakhs, the bride ran away at midnight