कंटेनर पलटा कर पंद्रह लाख का माल खा गया चालक

- आरोपी का साथी गिरफ्तार, निशानदेही पर माल बरामद
सिरोही. हरियाणा से अहमदाबाद के लिए कंटेनर में भरा पंद्रह लाख रुपए का माल रास्ते में ही खुर्द-बुर्द हो गया। चालक ने कंटेनर को सिरोही में टनल के पास पलटी करवा दिया तथा माल हजम कर लिया। मामले में पुलिस ने चालक के साथी को गिरफ्तार कर करीब साढ़े चौदह लाख रुपए का माल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार बावल (हरियाणा) के व्यवसायी ने अहमदाबाद के लिए पंद्रह लाख रुपए का माल रवाना किया था। चालक दिलीपसिंह रावत को कुलाना से झुंडल (अहमदाबाद) के लिए भेजा था, जिसे 2 जून को अहमदाबाद पहुंचाना था, लेकिन माल वहां नहीं पहुंचा। इस पर वाहन में लगे जीपीएस की लोकेशन देखी तो सिरोही में फोरलेन पर टनल के पास मिली। यहां कंटेनर पलटा मिला तथा उसमें माल नहीं था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की तो पूरा सच सामने आ गया।
पूछताछ में सामने आई हकीकत
पुलिस के अनुसार चालक दिलीपसिंह का जिला ब्यावर में अपने गांव के आसपास कुछ समय के लिए रूकना ज्ञात हुआ। तथ्य जुटाने पर वाहन चालक दिलीपसिंह व उसकी ट्रांसपोर्ट कंपनी में पूर्व में चालक रहे सवाईसिंह पर संदेह हुआ। सामने आया कि माल खुर्द-बुर्द कर कंटेनर को टनल के पास पलटी करवा दिया। पुलिस ने रूपा खेमा का बाडिय़ा (बड़ा खेड़ा-टाडग़ढ़-ब्यावर) निवासी सवाईसिंह पुत्र केशरसिंह रावत को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पूरी जानकारी सामने आ गई। उसके पास से करीब साढ़े चौदह लाख रुपए का माल बरामद किया गया। चालक दिलीपसिंह की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।



